पारदर्शिता और जवाबदेही से मजबूत होगा जनता का भरोसा: कलेक्टर अमित कुमार

समय-सीमा बैठक में सख्त संदेश, लापरवाही पर कार्रवाई तय; ई-ऑफिस से प्रशासनिक कार्यों में आएगी नई रफ्तार

जिला प्रमुख नवीन दांदडें राजधानी से जनता तक/सुकमा। जिला प्रशासन अब केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि हर नागरिक की समस्या का गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की समीक्षा बैठक में कलेक्टर  अमित कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की औपचारिकता या खानापूर्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ  मुकुन्द ठाकुर की उपस्थिति में सीएम हेल्पलाइन, जनदर्शन, सुशासन तिहार और पीजीएन पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित मामलों पर संबंधित विभागों से जवाब-तलब करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

ई-ऑफिस से बढ़ेगी पारदर्शिता, खत्म होगी लालफीताशाही

कलेक्टर ने बताया कि जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में ई-ऑफिस व्यवस्था को पूर्ण रूप से लागू किया जाएगा। अब फाइलों का संपूर्ण संचालन ऑनलाइन होगा, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी, जवाबदेही तय होगी और कार्यों में तेजी आएगी। साथ ही सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचकर नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस

बैठक में विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी परियोजनाएं तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरी हों। किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मानसून को लेकर प्रशासन अलर्ट

वर्षाकाल को देखते हुए विद्युत, स्वास्थ्य, पंचायत, ग्रामीण विकास और शिक्षा विभाग सहित सभी मैदानी अमले को 24×7 अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। जिला स्तर पर रैपिड रिस्पॉन्स टीम का गठन किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं समाधान उपलब्ध कराया जा सके।

बैठक के अंत में कलेक्टर  अमित कुमार ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही प्रशासन का मूल उद्देश्य है। जब अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता और पारदर्शिता के साथ कार्य करेंगे, तभी जनता का शासन-प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत होगा।

ISHWAR NAURANGE
Author: ISHWAR NAURANGE

🗞️ दैनिक राजधानी से जनता तक — राजधानी की सत्ता, प्रशासन और नीति-निर्णयों की हर सच्चाई सीधे जनता तक पहुँचाने का संकल्प। जनहित, ज़मीनी मुद्दे, सामाजिक सरोकार और निष्पक्ष पत्रकारिता हमारी पहचान। ✍️ सच के साथ, जनता के पक्ष में।