आज ओसवाल भवन में लगेगा आयुष्मान कार्ड शिविर, मुफ्त स्वास्थ्य जांच का भी मिलेगा लाभ

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

सुकमा। जिले के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा मंगलवार, 4 अगस्त को ओसवाल भवन (मेन रोड), सुकमा में विशेष आयुष्मान कार्ड निर्माण एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगा, जहां पात्र हितग्राहियों के नए आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे तथा पहले से तैयार कार्डों का वितरण भी किया जाएगा।

शिविर में आयुष्मान कार्ड निर्माण के साथ-साथ नागरिकों को बीपी जांच, ब्लड शुगर जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि शिविर में दी जाने वाली सभी सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क होंगी।

स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से आधार कार्ड एवं राशन कार्ड साथ लेकर शिविर में पहुंचने की अपील की है। विभाग का कहना है कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक के निःशुल्क इलाज की सुविधा मिलती है, इसलिए प्रत्येक पात्र हितग्राही अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं।

स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इस महत्वपूर्ण सुविधा का लाभ उठाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसकी जानकारी देने की अपील की है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है