गति शक्ति विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में 121 विद्यार्थियों को मिली उपाधि, ई. श्रीधरन को पहली मानद पीएचडी

रायपुर/वडोदरा। गति शक्ति विश्वविद्यालय (जीएसवी) का चौथा दीक्षांत समारोह 17 जुलाई को आयोजित हुआ। समारोह में बी.टेक. और एमबीए कार्यक्रमों के 121 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इस अवसर पर भारत के ‘मेट्रो मैन’ ई. श्रीधरन को परिवहन और अवसंरचना क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए विश्वविद्यालय की पहली मानद पीएचडी (डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी) की उपाधि से सम्मानित किया गया।

समारोह में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए गति, रफ्तार और स्पष्ट लक्ष्य आवश्यक हैं। उन्होंने ‘मूवमेंट, मोमेंटम और मिशन’ को देश के विकास का आधार बताते हुए परिवहन और नागरिक उड्डयन क्षेत्र में हो रही प्रगति का उल्लेख किया। उन्होंने एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम विकसित करने के लिए विश्वविद्यालय की सराहना करते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

दीक्षांत समारोह में पहली बार मेट्रो रेल प्रबंधन में एमबीए की डिग्री भी प्रदान की गई। विभिन्न पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विवेक यादव, संदीप पटेल, अभिनंदन गुप्ता, ऋषव त्रिपाठी और सुरेश सेंगुंदरमुदलियार को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। वहीं वर्ष 2026 का उत्कृष्ट परियोजना पुरस्कार दुर्गेश कुमार और संदीप पटेल को तथा सर्वश्रेष्ठ स्नातक विद्यार्थी का सम्मान विवेक कुमार को दिया गया।

सम्मान ग्रहण करने के बाद ई. श्रीधरन ने विद्यार्थियों से जीवनभर सीखते रहने, समय की पाबंदी, ईमानदारी और पेशेवर दक्षता को सफलता का मूल मंत्र बताते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

समारोह में सांसद डॉ. हेमांग जोशी, राजमाता शुभांगिनीराजे गायकवाड़, नागरिक उड्डयन सचिव समीर कुमार सिन्हा, टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स के सीईओ सुकरण सिंह तथा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज चौधरी भी मौजूद रहे।

रेल मंत्रालय के अधीन स्थापित केंद्रीय विश्वविद्यालय गति शक्ति विश्वविद्यालय परिवहन, लॉजिस्टिक्स, रेलवे, विमानन, समुद्री और सड़क अवसंरचना से जुड़े विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर और शोध कार्यक्रम संचालित कर रहा है। विश्वविद्यालय अब तक पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के तहत 2.4 लाख से अधिक अधिकारियों को प्रशिक्षण भी दे चुका है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31  

टॉप स्टोरीज