बारह साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के: सुकमा बस स्टैंड में सजी विकास की तस्वीर, उमड़ी लोगों की भीड़

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

 

सुकमा | केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सुकमा जिला मुख्यालय के बस स्टैंड परिसर में शुक्रवार से तीन दिवसीय भव्य छायाचित्र एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। “बारह साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” थीम पर आयोजित इस प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की झलक आकर्षक रूप में प्रस्तुत की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ नगरपालिका अध्यक्ष हुंगाराम मरकाम एवं वरिष्ठ जनप्रतिनिधि धनीराम बारसे की उपस्थिति में हुआ। उद्घाटन के साथ ही प्रदर्शनी स्थल पर बड़ी संख्या में नागरिकों की मौजूदगी देखने को मिली।

प्रदर्शनी की खास बात यह रही कि यहां छायाचित्रों, एलईडी स्क्रीन और पारंपरिक कला जत्था के माध्यम से योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। आकर्षक प्रस्तुति और डिजिटल माध्यमों ने लोगों का विशेष ध्यान खींचा।

प्रदर्शनी में डिजिटल इंडिया, वित्तीय समावेशन, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और उज्ज्वला योजना जैसी प्रमुख योजनाओं को विस्तार से प्रदर्शित किया गया। चित्रों और आंकड़ों के जरिए यह दिखाया गया कि किस प्रकार इन योजनाओं ने आम लोगों के जीवन में बदलाव लाने का काम किया है।

इसके साथ ही विभिन्न विभागों के विशेष स्टॉल लगाए गए, जहां अधिकारी एवं कर्मचारी आम नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ लाभ लेने की प्रक्रिया भी समझा रहे हैं। जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित पुस्तकों का भी वितरण किया गया।

कार्यक्रम में महिला आयोग सदस्य दीपिका सोरी, कलेक्टर अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर, डिप्टी कलेक्टर शबाब खान, जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों की सहभागिता रही।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी का अवलोकन कर शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और उनका अधिकतम लाभ उठाएं।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है