संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव रोकेल में उत्साह के साथ संपन्न, नवप्रवेशी बच्चों का रेड कार्पेट पर हुआ स्वागत

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

 

छिंदगढ़ | विकासखंड छिंदगढ़ अंतर्गत संकुल केंद्र रोकेल में शिक्षा सत्र 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास और उत्सवी माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का विशेष स्वागत कर शिक्षा के प्रति उत्साह और सकारात्मक वातावरण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य हूंगा राम मरकाम एवं विशेष अतिथि सरपंच मनीराम बेलसरिया रहे। अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर संकुल केंद्र रोकेल की शिक्षिकाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का पारंपरिक भारतीय संस्कृति के अनुरूप स्वागत किया। संकुल के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पुष्पहार एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का अभिनंदन किया।

कार्यक्रम की विशेष आकर्षण नवप्रवेशी बच्चों का सम्मानपूर्ण स्वागत रहा। बच्चों के लिए रेड कार्पेट बिछाया गया, उन्हें मुकुट पहनाकर एवं तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया। साथ ही अतिथियों के हाथों बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों एवं गणवेश का वितरण किया गया तथा उनका मुंह मीठा कराया गया।

कार्यक्रम में ग्राम सरपंच, जनपद सदस्य, वार्ड पंच, अभिभावक एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नियमित शिक्षा और बेहतर संस्कारों पर बल दिया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में संकुल समन्वयक श्री मणिशंकर मांझी के नेतृत्व में सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच संचालन शिक्षक श्री ललित किशोर जैन ने शेरो-शायरी के साथ आकर्षक ढंग से किया। कार्यक्रम में श्री जी.आर. सोनवानी, प्राचार्य श्री बारसे लछा, अधीक्षक श्री ईश्वर सिंह कश्यप, RMSA अधीक्षक संतोष कुमेंटी, प्राचार्य सुश्री नैना मांझी सहित समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।

अंत में व्याख्याता श्री वसीम खान ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है