हनुमान जयंती पर रक्तदान सराहनीय, पर छुईखदान में ब्लड बैंक अब भी बंद

 

 *रक्तदान हो रहा, पर सुविधा ठप— दान किया रक्त भेजना पड़ रहा बाहर* 

दीनदयाल यदु/जिला ब्यूरो चीफ 

छुईखदान । हनुमान जयंती के पावन अवसर पर छुईखदान में आयोजित रक्तदान शिविर ने समाज सेवा की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की। बड़ी संख्या में युवाओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। इस पहल की हर स्तर पर सराहना हो रही है, लेकिन इसी के साथ एक गंभीर सवाल भी खड़ा हो गया है। जब ब्लड बैंक का भवन बनकर तैयार है, तो संचालन अब तक शुरू क्यों नहीं हुआ?

 *तैयार भवन, फिर भी सुविधा ठप* 

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुईखदान में ब्लड बैंक का भवन पूरी तरह तैयार है, लेकिन अब तक उसका संचालन शुरू नहीं हो पाया है। नतीजतन, रक्तदान शिविरों में एकत्रित सारा रक्त राजनांदगांव जिला अस्पताल भेजना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि ब्लड बैंक चालू होता, तो यही रक्त जरूरतमंद मरीजों के लिए तुरंत उपयोग में लाया जा सकता था।

 *जनता की मांग: जल्द शुरू हो ब्लड बैंक* 

स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि: लंबित प्रक्रियाओं को जल्द पूरा किया जाए एवं उपकरण और स्टाफ की व्यवस्था की जाए और ब्लड बैंक को शीघ्र चालू किया जाए ताकि क्षेत्र के मरीजों को समय पर रक्त मिल सके और रक्तदान जैसे पुनीत कार्य का स्थानीय स्तर पर वास्तविक लाभ मिल सके।

रक्तदान शिविर की सफलता सराहनीय है, लेकिन जब संसाधन और भवन मौजूद हैं, तब ब्लड बैंक का संचालन न होना प्रशासनिक धीमी प्रक्रिया पर सवाल खड़े करता है। अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार विभाग इस दिशा में कितनी तेजी दिखाते हैं।

 *खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष बघेल ने बताया कि* छुईखदान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रक्त बैंक भवन का निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन आवश्यक उपकरण (इंस्ट्रूमेंट) और स्टोरेज व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने के कारण अभी तक इसे शुरू नहीं किया जा सका है। उन्होंने कहा कि रक्त को सुरक्षित रखने के लिए विशेष प्रकार की मशीनें और स्टोरेज सिस्टम जरूरी होते हैं, जो फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं। इसके साथ ही, रक्त बैंक संचालन के लिए प्रशिक्षित स्टाफ की भी आवश्यकता है, जिसकी नियुक्ति अभी तक नहीं हो पाई है। इस संबंध में शासन को पत्र भेजा जा चुका है।

*मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा ने बताया कि* रक्त बैंक संचालन के लिए आवश्यक उपकरणों की मांग राज्य शासन को भेजी जा चुकी है और वहां से उपलब्धता होना बाकी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ब्लड बैंक का लाइसेंस केंद्रीय स्तर (दिल्ली) से जारी होता है, जिसकी प्रक्रिया में कुछ समय लगता है। इसी कारण फिलहाल रक्त बैंक का संचालन शुरू नहीं हो सका है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी प्रक्रियाएं पूर्ण होते ही इसे जल्द प्रारंभ किया जाएगा।

Deendyal Yadav
Author: Deendyal Yadav

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

टॉप स्टोरीज