आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु मंत्री गुरु खुशवंत साहेब करेंगे सीधी सुनवाई

आरंग के विधायक कार्यालय में लगेगा जनदर्शन

राजधानी से जनता तक/आरंग। छत्तीसगढ़ शासन के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग के माननीय मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी द्वारा दिनांक 13 अप्रैल 2026, दिन सोमवार को आरंग स्थित नेता जी चौक, विधायक कार्यालय में जनदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

यह जनदर्शन कार्यक्रम प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें क्षेत्र के आम नागरिक अपनी समस्याएं, मांगें एवं शिकायतें सीधे मंत्री जी के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे, ताकि प्राप्त आवेदनों पर मौके पर ही आवश्यक कार्यवाही करते हुए समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। जनदर्शन कार्यक्रम शासन की जनकल्याणकारी सोच का प्रतिबिंब है, जिसके माध्यम से शासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है।

यह पहल प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक संवेदनशील, जवाबदेह एवं जनोन्मुख बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। माननीय मंत्री जी द्वारा प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक आम नागरिकों की समस्याओं की व्यक्तिगत रूप से सुनवाई की जाएगी। इसके पूर्व प्रातः 9:00 बजे से पंजीयन प्रक्रिया (नाम, ग्राम एवं समस्या) प्रारंभ कर दी जाएगी, जिससे प्रत्येक आवेदक की समस्या सुव्यवस्थित रूप से दर्ज हो सके। मंत्री जी ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं से अवगत कराएं, ताकि उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा सके।

ISHWAR NAURANGE
Author: ISHWAR NAURANGE

🗞️ दैनिक राजधानी से जनता तक — राजधानी की सत्ता, प्रशासन और नीति-निर्णयों की हर सच्चाई सीधे जनता तक पहुँचाने का संकल्प। जनहित, ज़मीनी मुद्दे, सामाजिक सरोकार और निष्पक्ष पत्रकारिता हमारी पहचान। ✍️ सच के साथ, जनता के पक्ष में।