केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल की 131वीं बटालियन के यूनिट मुख्यालय का उद्घाटन संपन्न

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

सुकमा – केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 131वीं बटालियन के नव-निर्मित यूनिट मुख्यालय का उद्घाटन बुधवार, 04 फरवरी 2026 को देवरपल्ली, दोरनापाल, जिला सुकमा (छत्तीसगढ़) में विधिवत रूप से संपन्न हुआ।
उद्घाटन समारोह में श्री आनंद सिंह राजपुरोहित, उप महानिरीक्षक (परिचालन), सुकमा तथा श्री किरण जी. चव्हाण, भा.पु.से., पुलिस अधीक्षक, सुकमा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथियों द्वारा यूनिट मुख्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों को संबोधित करते हुए उन्होंने क्षेत्र में आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने में केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि नवीन यूनिट मुख्यालय के प्रारंभ होने से परिचालन क्षमता, प्रशासनिक समन्वय एवं कार्मिक कल्याण से जुड़े कार्यों को और अधिक मजबूती मिलेगी।
उक्त समारोह में 131वीं बटालियन के कमांडेंट श्री दीपक कुमार साहु सहित केरिपुबल के सुकमा एवं कोंटा रेंज के कमांडेंट, अन्य वरिष्ठ अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे।
नव-निर्मित यूनिट मुख्यालय की स्थापना से क्षेत्र में तैनात बल को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं एवं सुदृढ़ परिचालन समर्थन प्राप्त होगा, जिससे बल द्वारा सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
कार्यक्रम का समापन बल की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दोहराते हुए किया गया।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है