खूनी रंजिश का खौफनाक अंजाम: पड़ोसी ने सोते परिवार पर कुल्हाड़ी से बरसाए वार, मां-बेटे-नाती की हत्या, दो जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे…

अनुराज साहू जिला प्रमुख सारंगढ़ बिलाईगढ़ राजधानी से जनता तक 

सारंगढ़–बिलाईगढ़। जिले के ग्राम झाल में मंगलवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। आपसी रंजिश के चलते एक युवक ने अपने ही पड़ोसी रिश्तेदार परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस निर्मम हमले में महिला, उसके बेटे और मासूम नाती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 4 बजे सारथी परिवार अपने घर में गहरी नींद में सो रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला तुलसीदास सारथी कुल्हाड़ी लेकर चुपचाप घर में घुस गया और सो रहे परिवार के सदस्यों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए इस खूनी हमले से घर में चीख-पुकार मच गई, लेकिन तब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी थी। वहीं दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल पहुंचकर स्थिति को संभाला, तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

 

बीती रात भी हुआ था विवाद

 

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडेय ने बताया कि आरोपी तुलसीदास सारथी ने अपने ही रिश्तेदारों — चचेरे दादा-दादी, उनके बेटे, बहू और बच्चे — पर हमला किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार के बीच लंबे समय से आपसी रंजिश चल रही थी और बीती रात भी उनके बीच विवाद हुआ था। उसी विवाद के बाद आरोपी ने तड़के वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ कर रही है।

 

मृतक और घायल

 

इस जघन्य हमले में मंदो बाई (62 वर्ष), उनके बेटे राजेश सारथी (36 वर्ष) और नाती प्रशांत सारथी (9 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं मंदो बाई के पति कुमार साय सारथी (65 वर्ष) और बहू संजुकता सारथी (30 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

घटना के बाद पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों में दहशत साफ देखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930  

टॉप स्टोरीज