ग्रामीण युवाओं को सशक्त भविष्य की ओर बढ़ाने की पहल, सुकमा में बांटे गए लर्निंग लाइसेंस

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

सुकमा। जिले में ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रशासन द्वारा सराहनीय पहल की जा रही है। इसी कड़ी में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), सुकमा में एलएमवी ऑनर ड्राइवर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं को लर्निंग लाइसेंस वितरित किए गए।

जिला परिवहन अधिकारी श्री एस.बी. रावटे के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में उनके सहयोगी श्री मनीष कामटे भी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को लर्निंग लाइसेंस प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर श्री रावटे ने युवाओं को सड़क सुरक्षा, परिवहन नियमों और ट्रैफिक अनुशासन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सुरक्षित ड्राइविंग न केवल स्वयं की सुरक्षा के लिए आवश्यक है, बल्कि समाज के प्रति भी एक जिम्मेदारी है। नियमों का पालन कर ही दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।

आरसेटी सुकमा में संचालित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के बैच क्रमांक 26 में कुल 35 युवाओं को वाहन संचालन का व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 16 मार्च से 14 अप्रैल तक चलेगा। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को ड्राइविंग के साथ-साथ वाहन की बेसिक मरम्मत, रोड साइन की पहचान और ट्रैफिक नियमों की व्यवहारिक जानकारी भी दी जा रही है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में फैकल्टी श्री खुशाल चन्द्र केशरवानी और मास्टर ट्रेनर श्री दिलीप साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

यह पहल निश्चित ही ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोलने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में सशक्त बना रही है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है