सुकमा। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं को लेकर आज भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों ने कलेक्टर महोदय से मुलाकात कर जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान ग्रामीणों से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं एवं विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर के समक्ष क्षेत्र में पेयजल, सड़क, बिजली, राशन व्यवस्था, यातायात एवं परिवहन सहित अन्य आवश्यक जनसुविधाओं से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से रखा। पदाधिकारियों ने बताया कि इन बुनियादी समस्याओं के कारण ग्रामीणों को दैनिक जीवन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
कलेक्टर महोदय ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने और समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगा।
बैठक का माहौल सकारात्मक और समाधानपरक रहा, जिसमें समस्याओं के व्यावहारिक समाधान पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री शिवराज सिंह चौहान, जिला उपाध्यक्ष दिलीप पेद्दी, जिला मंत्री संजय सोढ़ी, जनपद सदस्य रीना पेद्दी सहित भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारी एवं भाजपा एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




