राजधानी से जनता तक रायपुर जनपद पंचायत आरंग के जनपद सभापति अमर राजेंद्र माण्डले ने जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भानसोज में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की नवीन शाखा खोले जाने हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) अपेक्षा ब्यास को ज्ञापन सौंपा।
प्रेषित आवेदन में उल्लेख किया गया है कि ग्राम भानसोज आसपास के लगभग 25 ग्रामों का प्रमुख केंद्र है। क्षेत्र की जनसंख्या अधिक होने के साथ-साथ यह मुख्यतः कृषि आधारित क्षेत्र है। वर्तमान में यहां जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की कोई शाखा उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण किसानों, स्व-सहायता समूहों, पेंशनधारकों एवं आम नागरिकों को बैंकिंग सेवाओं के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाना पड़ता है। इससे उन्हें समय, श्रम एवं आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्र में कृषि ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), धान खरीदी भुगतान, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT), पेंशन वितरण तथा स्व-सहायता समूहों के लेन-देन जैसी महत्वपूर्ण बैंकिंग सेवाओं की अत्यधिक आवश्यकता को देखते हुए यह मांग जनहित में अत्यंत आवश्यक बताई गई है। इस संबंध में जनपद पंचायत द्वारा सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर शासन को अनुशंसा भी भेजी गई है।
अमर माण्डले ने संबंधित अधिकारियों से आग्रह किया है कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए ग्राम भानसोज में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की नई शाखा खोलने हेतु आवश्यक स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुगम एवं सुलभ बैंकिंग सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें।
ज्ञापन सौंपते समय सहकारी समिति के सदस्यगण, भाजपा मंडल अध्यक्ष गोपाल वर्मा, किसान प्रतिनिधि सुखीत साहू, द्रोण चंद्राकर, कृष्णा साहू, फविन्द साहू, लोमेश चंद्राकर, मंडी अध्यक्ष जगनमोहन यादव, त्रिलोचन साहू सहित अन्य ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Author: Ishwar Naurange
🗞️ दैनिक राजधानी से जनता तक — राजधानी की सत्ता, प्रशासन और नीति-निर्णयों की हर सच्चाई सीधे जनता तक पहुँचाने का संकल्प। जनहित, ज़मीनी मुद्दे, सामाजिक सरोकार और निष्पक्ष पत्रकारिता हमारी पहचान। ✍️ सच के साथ, जनता के पक्ष में।




