छिंदगढ़ में गौ-सम्मान अभियान का व्यापक प्रचार, 27 अप्रैल को तहसील मुख्यालय पर जुटने की अपील

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

छिंदगढ़। देशभर में गौहत्या पर प्रतिबंध लगाने एवं गौमाता को सम्मान दिलाने के उद्देश्य से चल रहे गौ-सम्मान अभियान का छिंदगढ़ क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। संत-महात्माओं के आह्वान पर संचालित इस अभियान के तहत परगना क्षेत्र में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसी कड़ी में क्षेत्र की आराध्य देवी मां मंसुरिया मंदिर की जात्रा के अवसर पर विशेष जनजागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की सहभागिता रही। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को गौ सेवा, सुरक्षा एवं संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
आयोजकों ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे 27 अप्रैल 2026 को सुबह 10 बजे अपने-अपने तहसील मुख्यालय में एकत्रित होकर महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार के माध्यम से ज्ञापन सौंपें।
कार्यक्रम के दौरान हस्ताक्षर अभियान का भी शुभारंभ किया गया, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गौ संरक्षण के समर्थन में अपनी सहमति दर्ज कराई।
आयोजकों के अनुसार यह अभियान जनजागरूकता के माध्यम से गौमाता के संरक्षण और सम्मान को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है