जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा – जिला मुख्यालय सुकमा के अंतर्गत ग्राम छिन्दगढ़ में लंबे समय से अवैध रूप से अंग्रेजी शराब की बिक्री किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्रामवासियों ने कलेक्टर को लिखित ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने अपने आवेदन में बताया कि ग्राम छिन्दगढ़ के गांधी चौक, बीच बस्ती, बैंको पारा एवं बाजार पारा सहित कई स्थानों पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा ओडिशा एवं अन्य क्षेत्रों से शराब मंगाकर धड़ल्ले से खुलेआम बिक्री की जा रही है। हैरानी की बात यह है कि इस अवैध गतिविधि पर अब तक कोई प्रभावी पुलिस कार्रवाई नहीं हो पाई है, जिससे शराब कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि अवैध शराब बिक्री के कारण गांव की शांति व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। आए दिन झगड़े, विवाद और घरेलू हिंसा की घटनाएं बढ़ रही हैं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में असुरक्षा की भावना व्याप्त है। साथ ही गांव के युवा और बच्चे शराब की लत की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं, जो सामाजिक और पारिवारिक दृष्टि से बेहद चिंताजनक है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता से संज्ञान में लेते हुए अवैध शराब बेचने वालों पर तत्काल छापामार कार्रवाई की जाए तथा इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह से रोक लगाई जाए, ताकि गांव को इस सामाजिक बुराई से मुक्त कराया जा सके।
इस आवेदन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक सुकमा एवं थाना प्रभारी, छिन्दगढ़ को भी सादर सूचनार्थ प्रेषित की गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र ठोस कदम उठाने की अपील की है, ताकि ग्राम छिन्दगढ़ में फिर से शांति, सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव का माहौल कायम हो
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




