सुकमा जिले के 22 केस भी शामिल • पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने की पहल
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा – महिलाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान और उन्हें न्याय दिलाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग द्वारा बस्तर संभाग में विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित यह संभागस्तरीय जनसुनवाई 13 मार्च को जगदलपुर में आयोजित होगी, जिसमें बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से आए मामलों की सुनवाई की जाएगी।
यह जनसुनवाई कार्यक्रम कलेक्ट्रेट बस्तर के प्रेरणा कक्ष में आयोजित होगा, जिसमें सुकमा जिले के 22 मामलों सहित कुल 85 मामलों की सुनवाई की जाएगी। कार्यक्रम में बस्तर संभाग के सभी सात जिलों—बस्तर, दंतेवाड़ा, कोण्डागांव, नारायणपुर, कांकेर, बीजापुर और सुकमा—की पीड़ित महिलाओं की शिकायतों पर सीधे सुनवाई कर समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक के नेतृत्व में सुनवाई की जाएगी। इस दौरान बस्तर संभाग प्रभारी सुश्री दीपिका शोरी, सह-प्रभारी श्रीमती ओजस्वी मंडावी तथा श्रीमती सरला कोसरिया भी उपस्थित रहेंगी।
आयोग के अनुसार इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सुलभ मंच प्रदान करना और उन्हें त्वरित न्याय दिलाना है, ताकि वे बिना किसी भय के अपनी शिकायतें सामने रख सकें।
राज्य महिला आयोग ने पीड़ित महिलाओं से अपील की है कि वे अपनी शिकायतों के लिए रायपुर स्थित आयोग कार्यालय (शास्त्री चौक) से संपर्क कर सकती हैं। इसके अलावा सहायता के लिए व्हाट्सएप नंबर 9098382225 या ईमेल cgmahilaayog@gmail.com पर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं।
यह जनसुनवाई कार्यक्रम बस्तर संभाग की महिलाओं को न्याय दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जिससे उनकी समस्याओं के समाधान में तेजी आने की उम्मीद है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है



