जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा – जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में जनपद पंचायत कोंटा की अध्यक्ष एवं आदिवासी विकास परियोजना सलाहकार मंडल कोंटा की सदस्य श्रीमती कुसुमलता कोवासी ने कोंटा ब्लॉक मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत तारलागुड़ा का दौरा किया।
दौरे के दौरान उन्होंने गांव में संचालित प्राथमिक शाला का निरीक्षण किया और शिक्षा व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जानकारी दी गई कि 10 मार्च 2026 से तारलागुड़ा क्षेत्र में जियो नेटवर्क सेवा शुरू हो गई है, जिससे आसपास के गांवों के ग्रामीणों को संचार की बड़ी सुविधा मिलने लगी है। नेटवर्क शुरू होने से ग्रामीणों को अब मोबाइल और इंटरनेट सेवाओं का लाभ मिल रहा है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी कार्यों में भी आसानी होगी।
इसके बाद श्रीमती कोवासी ने ग्राम पंचायत जगरगुंडा का भी दौरा कर वहां चल रहे विभिन्न भवन निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता से कोई समझौता न करने और कार्यों को जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि दूरस्थ और पहले से पिछड़े रहे क्षेत्रों में भी तेजी से विकास कार्य पूरे किए जाएं, ताकि ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो सकें।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




