जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिला सुकमा में टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार सराहनीय प्रयास किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से मरीजों के बेहतर उपचार और स्वास्थ्य सुधार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके सिंह के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी मरीजों को आवश्यक पोषण उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न पहलें की जा रही हैं।
इसी क्रम में आज सुकमा जिले के दो टीबी मरीजों को समर्पित सेवा संस्था द्वारा फूड बास्केट वितरित किए गए। संस्था द्वारा पूर्व में भी जरूरतमंद मरीजों को पोषण आहार उपलब्ध कराया जा चुका है, जिससे उनके स्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार देखने को मिला है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य उपचार के दौरान मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करना और उन्हें संतुलित पोषण प्रदान करना है। विशेषज्ञों के अनुसार टीबी जैसी बीमारी में उचित आहार मरीज के जल्द स्वस्थ होने में अहम भूमिका निभाता है।
इस प्रयास से न केवल मरीजों को राहत मिल रही है, बल्कि जिले को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में भी एक मजबूत कदम उठाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे कार्यक्रमों को भविष्य में भी निरंतर जारी रखने की बात कही है।
वहीं समर्पित सेवा संस्था ने समाज के सक्षम लोगों से अपील की है कि वे आगे आकर टीबी मरीजों की मदद करें और इस जनहितकारी अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दें।
सुकमा में यह पहल सेवा, संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का बेहतरीन उदाहरण बनकर उभर रही है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




