धर्मपेंटा में सीआरपीएफ का सिविक एक्शन कार्यक्रम, 300 से अधिक ग्रामीणों को मिली जरूरत की सामग्री

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

सुकमा – जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में ग्रामीणों से बेहतर समन्वय और सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से सीआरपीएफ द्वारा सिविक एक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 08 मार्च 2026 को 217 बटालियन सीआरपीएफ के धर्मपेंटा कैंप, थाना किस्ताराम क्षेत्र में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन पुलिस महानिरीक्षक शातीन (आईपीएस) के मार्गदर्शन तथा सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में किया गया। इस दौरान 217 बटालियन सीआरपीएफ के द्वितीय कमान अधिकारी नीर सिंह मीणा और अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में आसपास के गांवों के ग्रामीणों को विभिन्न आवश्यक सामग्री वितरित की गई।
इस कार्यक्रम में धर्मपेंटा कैंप के आसपास स्थित धर्मपेंटा, अरलंपेंटा, अरलंपेंटा पारा और सिंघुगुड़ा गांवों के लगभग 300 से अधिक ग्रामीण, स्कूली बच्चे, युवा और महिलाएं शामिल हुए।
सीआरपीएफ द्वारा ग्रामीणों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कंबल, मच्छरदानी, छाता, टॉर्च, लुंगी, गमछा और स्लीपर जैसी सामग्री वितरित की गई। वहीं स्कूली छात्र-छात्राओं को स्कूल ड्रेस, बैग, किताबें और पेंसिल प्रदान की गईं। इसके अलावा युवाओं को वॉलीबॉल नेट, फुटबॉल, क्रिकेट किट और महिलाओं को बर्तन भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान सीआरपीएफ अधिकारियों ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्हें सुरक्षा और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। साथ ही ग्रामीणों को नक्सलियों के शोषण और उनकी विचारधारा के बारे में जागरूक करते हुए मुख्यधारा से जुड़ने की अपील की गई।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं और उनके लाभों के बारे में भी जानकारी दी। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सीआरपीएफ कैंप की मौजूदगी से क्षेत्र में सड़क और नेटवर्क जैसी सुविधाएं भी बेहतर हुई हैं, जिससे गांवों में विकास की उम्मीद बढ़ी है।
कार्यक्रम के अंत में सभी ग्रामीणों को भोजन भी कराया गया। इस पहल से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखा गया और सुरक्षा बलों के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है