ध्रुव समाज का दो दिवसीय जिला स्तरीय वार्षिक सम्मेलन 31 जनवरी से नेतानार में

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

सुकमा – ध्रुव समाज जिला सुकमा द्वारा दो दिवसीय जिला स्तरीय वार्षिक सम्मेलन का आयोजन 31 जनवरी एवं 01 फरवरी 2026 को क्षेत्र क्रमांक 64, नेतानार (जिला–सुकमा, छत्तीसगढ़) में किया जा रहा है। सम्मेलन का उद्देश्य समाज को संगठित करना, शिक्षा, रोजगार, जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन तथा समाज के सर्वांगीण विकास पर मंथन करना है।

सम्मेलन की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष माननीय श्री रामदेव नाग जी करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय श्री जयदेव ध्रुव जी (गुण्डाधुर के परपोता) एवं माननीय श्री देवधुर जी (बीरधुर के परपोता) (रामा धुर परपोता) (लखमाधुर परपोता), उपस्थित रहेंगे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में माननीय श्री गंगाराम कश्यप जी (संभागीय महासचिव, बस्तर संभाग) सहित समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

सम्मेलन में समाज की एकता, शिक्षा को बढ़ावा, युवाओं को रोजगार से जोड़ने, नशामुक्ति, महिला सशक्तिकरण तथा सामाजिक सुधार जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही समाज के सेवा भाव से कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक लोक संस्कृति को जीवंत रखने के लिए करमा नृत्य, गीत, मांदर वादन, धनुष-बाण प्रदर्शन सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी, जिसमें सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर, कोंडागांव एवं बस्तर जिले के कलाकार भाग लेंगे।

आयोजन समिति ने समाज के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है