नगर पालिका की लापरवाही की भेंट चढ़ा वार्ड-05..जल कर दे रहे रहवासी, फिर भी पानी को तरसे..

अनुराज साहू जिला प्रमुख /सारंगढ़ बिलाईगढ़ 

सारंगढ़। जिला मुख्यालय के वार्ड क्रमांक-05 बाबाकुटी और अकबरगंज स्थित संजय चौपाल गली इन दिनों बदहाली के आंसू रो रही है। एक तरफ शासन-प्रशासन स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं के बड़े-बड़े दावे करता है, वहीं दूसरी ओर यहाँ के रहवासी बुनियादी जरूरतों के लिए भी संघर्ष करने को मजबूर हैं। महीनों से ठप पेयजल आपूर्ति और जाम पड़ी नालियों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।

कलेक्टर तक पहुंची गुहार, पर ढाक के तीन पात-

वार्डवासियों का धैर्य अब जवाब दे रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पानी की समस्या को लेकर 05 फरवरी 2026 को मुख्य नगर पालिका अधिकारी को आवेदन दिया गया था। जब समाधान नहीं हुआ, तो 10 फरवरी 2026 को जनदर्शन में कलेक्टर से भी शिकायत की गई। शिकायत के बाद खानापूर्ति के लिए कुछ मजदूर भेजे तो गए, लेकिन पाइपलाइन की मरम्मत को अधूरा छोड़ दिया गया। नतीजा यह है कि लोग नियमित जलकर (Water Tax) जमा करने के बावजूद पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं।

गंदगी का अंबार: डेंगू-मलेरिया का मंडरा रहा साया-

समस्या सिर्फ प्यास तक सीमित नहीं है। वार्ड की नालियां कचरे से पूरी तरह पट चुकी हैं और गंदा पानी सड़कों पर जमा हो रहा है। नियमित सफाई न होने से मोहल्ले में असहनीय बदबू फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप इस कदर बढ़ गया है कि वार्ड में डेंगू और मलेरिया जैसी जानलेवा बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। कचरा उठाव की गाड़ी भी समय पर नहीं पहुंचने से हालात और भी बदतर हो गए हैं।

अधिकारी का रटा-रटाया जवाब

“जल्द होगा समाधान”

 

इस पूरे मामले पर नगर पालिका अधिकारी का कहना है कि पाइपलाइन में कुछ फंसने के कारण अवरोध पैदा हुआ है, जिसे हटाने के लिए कर्मचारी लगाए गए हैं। उन्होंने नालियों की सफाई के लिए भी निर्देश जारी करने की बात कही है। हालांकि, अधिकारी का यह आश्वासन वार्डवासियों के गले नहीं उतर रहा है, क्योंकि वे महीनों से इसी तरह के ‘भरोसे’ के सहारे जी रहे हैं।

जनता की मांग- अब ठोस कार्रवाई चाहिए

वार्डवासियों ने प्रशासन से आर-पार की मांग की है। उनकी मांग है कि मोहल्ले में नया बोर खनन कराया जाए, जलापूर्ति तुरंत बहाल की जाए और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित हो। अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार विभाग कुंभकर्णी नींद से कब जागता है या फिर वार्डवासी ऐसे ही नरकीय जीवन जीने को मजबूर रहेंगे।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
April 2026
M T W T F S S
 12345
6789101112
13141516171819
20212223242526
27282930  

टॉप स्टोरीज