दो दिवसीय बौद्धिक एवं शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम शुरू, 38 युवा रायपुर रवाना
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। जिले के पुनर्वासित युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने और उनके आत्मविश्वास को सशक्त बनाने के उद्देश्य से सुकमा जिला प्रशासन द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में स्वामी विवेकानंद युवा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत “नियद नेल्लानार” कार्यक्रम के तहत दो दिवसीय बौद्धिक एवं शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है।
इस कार्यक्रम के तहत कुल 38 पुनर्वासित युवाओं को नोडल अधिकारियों के साथ बस द्वारा रायपुर के लिए रवाना किया गया। यह भ्रमण ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान, निमोरा में आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली से परिचित कराना, उनके ज्ञान का विस्तार करना तथा समाज के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है। भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों को राज्य के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का शैक्षणिक दौरा कराया जाएगा, जिनमें मंत्रालय, विधानसभा, जंगल सफारी, आदिवासी संग्रहालय, विज्ञान केंद्र, स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डा, रेलवे स्टेशन, सिटी सेंटर मॉल एवं पुरखौती मुक्तांगन शामिल हैं।
विशेष बात यह है कि इस दौरान युवाओं को प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने का अवसर भी प्राप्त होगा, जिससे उन्हें शासन व्यवस्था को नजदीक से समझने का अनुभव मिलेगा।
जिला प्रशासन की यह पहल पुनर्वासित युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इससे न केवल युवाओं को नए अवसरों की जानकारी मिलेगी, बल्कि उन्हें जीवन में आगे बढ़ने और सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा भी प्राप्त होगी।
यह कार्यक्रम युवाओं के जीवन में नई दिशा देने के साथ-साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा में सशक्त रूप से जोड़ने की दिशा में एक प्रभावी प्रयास साबित हो रहा है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है


