प्रशिक्षण कार्यक्रम कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता को सुदृढ़ करते हैं — सीईओ जिला पंचायत श्री मुकुन्द ठाकुर

राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत जनपद पंचायत सदस्यों का तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण संपन्न

 

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

 

सुकमा – कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं सीईओ जिला पंचायत श्री मुकुन्द ठाकुर के कुशल मार्गदर्शन में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) योजना अंतर्गत वर्ष 2025-26 में त्रिस्तरीय पंचायतों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के क्षमता विकास हेतु तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण 11 फरवरी 2026 से जिला पंचायत संसाधन केंद्र, सुकमा में प्रारंभ होकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री मुकुन्द ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत आयोजित ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम जनप्रतिनिधियों की कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधि अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक और प्रशिक्षित होते हैं, तो विकास योजनाओं का क्रियान्वयन अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी तरीके से संभव हो पाता है।

उन्होंने आगे कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और इन्हें सशक्त बनाना सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जिला प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को समय-समय पर प्रशिक्षण प्रदान कर योजनाओं की बेहतर समझ दी जाए, ताकि सुकमा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में समग्र एवं सतत विकास सुनिश्चित किया जा सके।

व्यापक विषयों पर मिला प्रशिक्षण

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य जनपद पंचायत सदस्यों को पंचायती राज व्यवस्था से संबंधित विधिक, प्रशासनिक एवं वित्तीय पहलुओं की गहन जानकारी प्रदान करना तथा उन्हें अपने दायित्वों के प्रभावी निर्वहन हेतु सक्षम बनाना था। तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पंचायत राज अधिनियम, पेसा नियम, एलएसजीडी, पंचायतों की आय वृद्धि, पंचायत आकलन सूचकांक, पंचायती राज संस्थाओं की भूमिका एवं जिम्मेदारियां, विभिन्न शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, ग्राम सभा की शक्तियां, वित्तीय प्रबंधन, सामाजिक अंकेक्षण, स्थानीय विकास योजनाओं का निर्माण एवं निगरानी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

व्यावहारिक प्रशिक्षण व अनुभव साझा

विषय विशेषज्ञों एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा प्रस्तुतीकरण के माध्यम से व्यावहारिक उदाहरणों सहित मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रतिभागियों को समूह चर्चा, प्रश्नोत्तर सत्र एवं अनुभव साझा करने के अवसर भी दिए गए, जिससे वे अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं एवं संभावनाओं पर सार्थक विचार-विमर्श कर सके। इस दौरान ग्राम सभा की भूमिका सशक्त करने, पारदर्शिता सुनिश्चित करने एवं जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

शैक्षणिक भ्रमण से मिला व्यावहारिक अनुभव

प्रशिक्षण सत्र के अतिरिक्त प्रतिभागियों को पुनर्वास केंद्र सुकमा एवं साइंस पार्क सुकमा का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया। पुनर्वास केंद्र में प्रतिभागियों ने प्रभावित व्यक्तियों के मुख्यधारा में पुनर्वास, कौशल विकास गतिविधियों एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। वहीं साइंस पार्क में विज्ञान आधारित शिक्षा, नवाचार एवं जागरूकता गतिविधियों से रूबरू होकर ग्रामीण क्षेत्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने की आवश्यकता को समझा।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है