जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा – जिले के दूरस्थ और दुर्गम इलाकों तक शासन की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर अमित कुमार और पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण कोंटा विकासखंड के अंतिम छोर पर स्थित करीगुण्डम और निमलगुड़ा गांवों के दौरे पर पहुंचे। जहां सड़क मार्ग भी मुश्किल है, वहां नदी-नालों और घने जंगल-झाड़ियों को पार करते हुए प्रशासनिक अमला बाइक से गांवों तक पहुंचा। अधिकारियों ने गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।
दौरे के दौरान कलेक्टर और एसपी ग्रामीणों के घरों तक पहुंचे और शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण और अन्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के साथ जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर और डीएफओ अक्षय भोंसले भी मौजूद रहे। इस दौरान स्थानीय शिक्षित युवाओं को रोजगार से जोड़ने की पहल करते हुए शिक्षादूत, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, फड़ मुंशी, सेल्समैन और आंगनबाड़ी सर्वेक्षक जैसे पदों के लिए युवाओं को चिन्हांकित कर नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन की इस पहल से युवाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कलेक्टर ने स्व सहायता समूहों को मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए बताया कि क्षेत्र में ईमली की खरीदी शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य पर स्व सहायता समूहों के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा की जाएगी, जिससे ग्रामीणों और समूहों को आर्थिक लाभ मिलेगा।
राशन वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नियमितता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान ग्रामीणों ने पेयजल और बिजली व्यवस्था को और बेहतर बनाने की मांग रखी, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
निमलगुड़ा गांव में विकास कार्यों को गति देने के लिए तालाब गहरीकरण, भूमि समतलीकरण, देवगुड़ी निर्माण और सड़क निर्माण के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया। ग्रामीणों से चर्चा के दौरान कलेक्टर ने राशन वितरण, आधार और आयुष्मान कार्ड, बैंक खाते, वन उपज संग्रहण तथा प्रसव के लिए अस्पताल जाने जैसी व्यवस्थाओं की जानकारी ली, जिस पर ग्रामीणों ने अधिकांश व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया।
प्रशासनिक टीम के इस दौरे से दूरस्थ गांवों में शासन के प्रति विश्वास और सकारात्मक माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने पहली बार वरिष्ठ अधिकारियों को अपने घर तक पहुंचते देख खुशी जताई और विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




