भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक बने शरद शर्मा

मेलाराम कश्यप संवाददाता

रिगनी / खरौद भारतीय जनता पार्टी द्वारा सहकारिता क्षेत्र को अधिक सक्रिय, संगठित और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रदेश स्तर पर सहकारिता प्रकोष्ठ को मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा सहकारिता आंदोलन को नई गति देने के लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में जिला संयोजकों की नियुक्ति की जा रही है। इसी कड़ी में जांजगीर–चांपा जिले के लिए भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक पद की जिम्मेदारी शरद चन्द्र शर्मा को सौंपी गई है श्री शर्मा की यह नियुक्ति भाजपा जिला अध्यक्ष अम्बेश जांगड़े की अनुशंसा पर छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रवीण दुबे द्वारा की गई है। संगठन ने उनके अनुभव, सक्रियता और सहकारिता क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है।

शरद चन्द्र शर्मा लंबे समय से सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। वे शासकीय लक्ष्मणेश्वर महाविद्यालय, खरौद में छात्र कल्याण परिषद के अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इसके अलावा वे नगर पंचायत खरौद में पार्षद भी रह चुके हैं, जहां उन्होंने जनहित से जुड़े कई कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। वर्तमान में वे कृषि साख सहकारी समिति में प्राधिकृत अधिकारी के रूप में कार्य करते हुए सहकारिता व्यवस्था को सुदृढ़ करने में अपना योगदान दे रहे हैं।

भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला संयोजक के रूप में उनकी नियुक्ति से जिले के पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में जिले में सहकारिता से जुड़े कार्यों को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी तथा भाजपा संगठन को भी मजबूती प्राप्त होगी।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है