रायपुर शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, रायपुर में 23 जनवरी को भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेला जाएगा। इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
मैच के लिए दोनों टीमें रायपुर पहुंच चुकी हैं। भारतीय टीम होटल मैरियट में जबकि न्यूजीलैंड टीम होटल हयात में ठहरी हुई है। छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ द्वारा मैच के सफल आयोजन हेतु आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ ने दर्शकों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस बार कुछ महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। मुकाबला शाम 7 बजे से प्रारंभ होगा, जबकि दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश दोपहर 4 बजे से दिया जाएगा। संघ ने यह भी स्पष्ट किया है कि पहली पारी समाप्त होने के बाद किसी भी प्रकार की एंट्री नहीं दी जाएगी।
स्टेट क्रिकेट संघ के अनुसार, स्टेडियम में बैठने की व्यवस्था पहले आओ–पहले पाओ के आधार पर होगी। फिजिकल टिकट के बिना किसी भी दर्शक को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। ई-टिकट को फिजिकल टिकट में रिडीम कराने की अंतिम तिथि आज निर्धारित की गई है। निर्धारित समय तक टिकट रिडीम न कराने वाले दर्शकों को मैच देखने की अनुमति नहीं मिलेगी।
संघ ने दर्शकों से अपील की है कि वे समय पर स्टेडियम पहुंचें, नियमों का पालन करें और खेल भावना के साथ मैच का आनंद लें।
Author: Ishwar Naurange
🗞️ दैनिक राजधानी से जनता तक — राजधानी की सत्ता, प्रशासन और नीति-निर्णयों की हर सच्चाई सीधे जनता तक पहुँचाने का संकल्प। जनहित, ज़मीनी मुद्दे, सामाजिक सरोकार और निष्पक्ष पत्रकारिता हमारी पहचान। ✍️ सच के साथ, जनता के पक्ष में।



