राजधानी से जनता तक आरंग जय सतनाम जनसेवा समिति परिक्षेत्र भैसा द्वारा गिरौदपुरी धाम की पावन यात्रा पर निकलने वाले श्रद्धालुओं के लिए विगत 16 वर्षों से लगातार निशुल्क भोजन भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। सेवा, समर्पण और सतनाम विचारधारा से प्रेरित यह आयोजन क्षेत्र में आस्था और मानवता का अनुपम उदाहरण बन चुका है। हर वर्ष हजारों श्रद्धालु गिरौदपुरी धाम की ओर प्रस्थान करते हैं और भैसा में आयोजित यह भोजन भंडारा उनके लिए ऊर्जा, विश्राम और आत्मीयता का केंद्र बन जाता है।
इस पुनीत कार्य में जनपद सदस्य शेखर नारंग, बबलू भाई, भोला जांगड़े, जीत्तू घृतलहरे, कमलेश नारंग एवं जितेंद्र टंडन सहित समिति के सभी सदस्य पूरे समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। समिति के सदस्यों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है और जब तक आस्था की यह यात्रा जारी रहेगी, तब तक सेवा का यह क्रम भी निरंतर चलता रहेगा।
भोजन भंडारे में श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ एवं स्वादिष्ट भोजन की विशेष व्यवस्था की गई। सुबह से देर रात तक समिति के सदस्य स्वयं उपस्थित रहकर भोजन वितरण, पानी एवं विश्राम की व्यवस्थाओं पर नजर रखते हैं। आने वाले प्रत्येक यात्री का सम्मानपूर्वक स्वागत किया जाता है, जिससे उन्हें घर जैसा अपनापन महसूस हो।
इस अवसर पर दतान (प) के पूर्व सरपंच महेश बारले, नगरपालिका कुम्हारी (भिलाई) से जलसंसाधन सभापति अश्वनी देशलहरे (पार्षद), ओमकार मारकंडे (पार्षद), छगन जांगड़े, अनिल पटेला, दुलेश देशलहरा एवं सर राधेश्याम सिंहा जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने गुरु घासीदास जी की गद्दी पर पूजा-अर्चना एवं आरती कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की तथा प्रसादी ग्रहण की।
कार्यक्रम के दौरान “मनखे-मनखे एक समान” का संदेश प्रत्यक्ष रूप से दिखाई दिया। समाज के विभिन्न वर्गों के लोग बिना किसी भेदभाव के एक साथ बैठकर प्रसादी ग्रहण करते नजर आए। यह दृश्य सामाजिक समरसता, भाईचारे और सतनाम पंथ की मूल भावना को साकार करता है।
जय सतनाम जनसेवा समिति का यह प्रयास केवल भोजन वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानवता की सेवा, सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था का जीवंत प्रतीक है। 16 वर्षों से अविरत चल रही यह परंपरा आने वाले समय में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ जारी रहेगी, यही समिति का संकल्प है।
Author: Ishwar Naurange
🗞️ दैनिक राजधानी से जनता तक — राजधानी की सत्ता, प्रशासन और नीति-निर्णयों की हर सच्चाई सीधे जनता तक पहुँचाने का संकल्प। जनहित, ज़मीनी मुद्दे, सामाजिक सरोकार और निष्पक्ष पत्रकारिता हमारी पहचान। ✍️ सच के साथ, जनता के पक्ष में।




