रायपुर से गिरौदपुरी धाम तक — द्वितीय दिवस में उमड़ा जनसैलाब

भंडारपुरी/ रायपुर। परम् पूज्य गुरु घासीदास बाबा जी के पावन आशीर्वाद एवं राजागुरु धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब जी के सानिध्य में विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा का द्वितीय दिवस सफल हुआ। 

परम् पूज्य गुरु घासीदास बाबा जी की पूजा-अर्चना एवं पावन स्मरण के साथ “बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे–मनखे एक समान” के गगनभेदी जयघोष के बीच रायपुर से गिरौदपुरी धाम तक आयोजित विशाल सतनाम सद्भाव पदयात्रा के द्वितीय दिवस में पदयात्रा सारागांव से प्रारंभ होकर बंगोली, पिकरीडीह, माठ, खरोरा, बुड़ेरा, सिर्री, कनकी, पाड़ाभाट, भैंसा, भैंसमुड़ी होते हुए पावन भण्डारपुरी धाम पहुंची। प्रत्येक स्थल पर सतनामी समाज, सर्व समाजजन, जनप्रतिनिधियों, मातृशक्तियों एवं युवा साथियों द्वारा पुष्पवर्षा, आतिशबाजी एवं आत्मीय अभिनंदन के साथ भव्य स्वागत किया गया। समानता, श्रद्धा, आस्था और एकता के अनुपम उत्सव की साक्षी बनी। सुसज्जित पंथी दलों की मनोहारी प्रस्तुतियां, अखाड़ा दलों का शौर्य प्रदर्शन, डीजे की लयबद्ध ध्वनि,कलाकारों की प्रस्तुति सामाजिक एकता और समरसता का सशक्त संदेश दिया।

भण्डारपुरी धाम पहुंचकर गुरुगद्दी की विधिवत पूजा-अर्चना कर द्वितीय दिवस की पदयात्रा का श्रद्धापूर्वक विराम किया गया। राजगुरु,धर्मगुरु गुरु बालदास साहेब जी,राजमाता, गुरुमाता प्रवीण माता जी एवं ज्येष्ठ भ्राता श्री सोमेश बाबा जी के आशीर्वाद ने यात्रा को नई ऊर्जा और संकल्प प्रदान किया। यह पदयात्रा केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक की यात्रा नहीं, बल्कि बाबा जी के सत्य, अहिंसा, समानता और मानवता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। जनसमर्थन और उत्साह इस बात का प्रमाण है कि सामाजिक समरसता का यह अभियान जनमानस के हृदय में गहराई से स्थापित हो रहा है। “बोल रहा अब हिंदुस्तान, मनखे–मनखे एक समान” के पावन संकल्प के साथ यह पदयात्रा समतामूलक और संगठित समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर अग्रसर है। 

यात्रा के सुचारू संचालन एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग की विशेष व्यवस्था की गई है। सुरक्षा बल, चिकित्सा दल एवं एंबुलेंस सेवाएं पदयात्रा के साथ निरंतर संचालित हो रही हैं, जिससे यह आयोजन अनुशासित, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर विधायकगण, विभिन्न बोर्ड/आयोग/मंडल/निगम के अध्यक्षगण, अखिल भारतीय सतनाम सेना के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Ishwar Naurange
Author: Ishwar Naurange

🗞️ दैनिक राजधानी से जनता तक — राजधानी की सत्ता, प्रशासन और नीति-निर्णयों की हर सच्चाई सीधे जनता तक पहुँचाने का संकल्प। जनहित, ज़मीनी मुद्दे, सामाजिक सरोकार और निष्पक्ष पत्रकारिता हमारी पहचान। ✍️ सच के साथ, जनता के पक्ष में।