रेलवे की अनोखी पहल, प्लेटफॉर्म-6 पर रेल कोच को बना दिया रेस्टोरेंट

प्रयागराज । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए एक नई और अनोखी पहल की शुरुआत की गई है। रेलवे ने प्लेटफॉर्म नंबर-6 सिविल लाइंस पर एक रेल कोच को रेस्टोरेंट में तब्दील कर दिया है, जिसमें यात्री आकर शुद्ध शाकाहारी भोजन का आनंद ले सकते हैं। यह पहल यात्रियों के लिए न सिर्फ एक नया अनुभव है, बल्कि रेलवे की ओर से एक शानदार प्रयास भी है, ताकि लोगों को गुणवत्तापूर्ण और स्वच्छ भोजन मिल सके। रेलवे ने इस विशेष रेल कोच के अंदर पूरी तरह से शाकाहारी भोजन उपलब्ध कराया है, जिसमें साफ-सफाई और उच्च गुणवत्ता का ख्याल रखा गया है। यहां पर आने वाले यात्रियों ने इस पहल की खूब सराहना की है। महाकुंभ के दौरान प्रयागराज में आने वाले श्रद्धालु भी इस नए रेस्टोरेंट का अनुभव कर रहे हैं, जो स्टेशन पर एक आकर्षक स्थल बन गया है। महाकुंभ में स्नान करने के लिए प्रयागराज आने वाले नेपाल के अर्जुन कार्की ने इस पहल को एक अलग और नया अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने रेलवे के कोच में रेस्टोरेंट देखा तो उन्हें भीतर आने की इच्छा हुई और उन्होंने यहां के भोजन का स्वाद लिया। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी तारीफ की। इस रेस्टोरेंट का अनुभव लेने के लिए अन्य श्रद्धालु भी आ रहे हैं। सभी ने रेलवे के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि यह एक बेहतरीन और सुविधाजनक पहल है। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को एक आरामदायक और स्वादिष्ट भोजन का अनुभव मिल रहा है, जो उनकी यात्रा के दौरान एक राहत प्रदान कर रहा है। एक श्रद्धालु ने कहा कि सरकार काफी बेहतर व्यवस्था कर रही है। साफ-सफाई भी पहले से काफी बेहतर है। किसी को कोई दिक्कत नहीं हो रही है। भीड़ के हिसाब से प्रबंध भी अच्छा है। भारत का विश्व स्तर पर नाम हो रहा है। यह हमारे लिए बहुत ही गर्व का विषय है। इस रेलवे कोच रेस्टोरेंट में व्यवस्था अच्छी है, खाने-पीने के सामान की कीमत भी ठीक है। रेस्टोरेंट के मालिक ने बताया कि रेलवे की तरफ से उन्हें इस पहल का ठेका दिया गया है। यह पांच साल का ठेका है। हम यहां लोगों को शुद्ध शाकाहारी भोजन उपलब्ध करा रहे हैं। लोग इस पहल का जमकर स्वागत कर रहे हैं और उत्साहित होकर यहां भोजन करने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि लगातार बढ़ती संख्या में यात्री यहां भोजन का आनंद लेने के लिए आ रहे हैं।

 

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
March 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031  

टॉप स्टोरीज