सुकमा में गूंजेगा राष्ट्रभक्ति का स्वर
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा- देशभक्ति के प्रतीक गीत “वंदे मातरम्” की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर छत्तीसगढ़ में विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। राज्य सरकार ने इस ऐतिहासिक अवसर को जन-जन तक पहुँचाने के लिए चार चरणों में आयोजन का खाका तैयार किया है। कार्यक्रम का प्रथम चरण 7 से 14 नवंबर 2025 तक चलेगा। इस अवधि में ग्राम पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक विविध सांस्कृतिक, शैक्षणिक और जनभागीदारी कार्यक्रम होंगे।
इस महोत्सव का शुभारंभ 7 नवंबर को प्रातः 10 बजे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से होगा। उनका संबोधन राष्ट्रीय प्रसारण दूरदर्शन के माध्यम से पूरे देश में देखा जा सकेगा। प्रधानमंत्री के उद्बोधन के पश्चात समूचे देश के साथ छत्तीसगढ़ में भी एक साथ “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन किया जाएगा। इस दौरान सभी शासकीय कार्यालय, शैक्षणिक संस्थान एवं सामाजिक संगठन सहभागिता करेंगे। सभी जिलों में विशेष आयोजन होंगे, जिनमें स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विशिष्ट नागरिक एवं विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। सुकमा जिला में भी बड़े पैमाने पर कार्यक्रम आयोजित होगा, जहाँ जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में “वंदे मातरम्” के स्वर गूंजेंगे।
राज्य सरकार ने बताया कि वंदे मातरम् के बोल और धुन पोर्टल vandemataram150.in पर उपलब्ध हैं। वहीं, आयोजित कार्यक्रमों की जानकारी भी इसी पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है


