शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप, युवक गिरफ्तार

राजधानी से जनता तक / कोरबा

कोरबा में शादी का झांसा देकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से मुकर जाने का मामला सामने आया है। बालको पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी महेंद्र कुमार साहू (32 वर्ष), पिता सीताराम साहू, निवासी ग्राम टाटा बिलासपुर , जिला सारंगढ़ बिलाईगढ़ के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69, 269, 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

सोशल मीडिया से शुरू हुई दोस्ती

बताया जा रहा है कि पीड़िता और आरोपी की पहचान वर्ष 2021 में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने पीड़िता को शादी का भरोसा दिया।

शादी का झांसा देकर बनाए संबंध

वर्ष 2023 में आरोपी का पीड़िता के घर आना-जाना शुरू हो गया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी कई-कई दिन तक पीड़िता के घर पर रुकता था और शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।

शादी की तैयारी के बाद मुकरा आरोपी

मामले में अहम मोड़ तब आया जब पीड़िता के कहने पर फरवरी माह में आरोपी अपने परिवार के साथ शादी का प्रस्ताव लेकर आया। दोनों परिवारों की सहमति से शादी की तैयारियां शुरू हुईं। शादी के निमंत्रण पत्र छपवाए गए और बालको नगर में विवाह के लिए भवन भी बुक किया गया।
हालांकि, कार्ड छपने के बाद आरोपी ने अचानक अपना फैसला बदल लिया और शादी से साफ इनकार कर दिया।
आरोपी के शादी से मुकरने के बाद पीड़िता ने परेशान होकर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी, एएसआई इमरान खान, आर कृष्णा मरावी, आर डेविड निराला समेत अन्य स्टॉफ की विशेष भूमिका रही।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है