शिक्षा के बिना मानव जीवन अधूरा : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रामकृष्ण मिशन के सेवा कार्यों की मुख्यमंत्री ने की सराहना

राजधानी से जनता तक रायपुर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि शिक्षा के बिना मानव जीवन अधूरा है। शिक्षित और अशिक्षित व्यक्ति के जीवन में बड़ा अंतर होता है। अशिक्षित व्यक्ति शोषण का शिकार होता है, जबकि शिक्षित व्यक्ति अपने विवेक और समझ के बल पर निरंतर प्रगति करता है।

मुख्यमंत्री आज नारायणपुर स्थित रामकृष्ण मिशन आश्रम परिसर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान करते हुए कहा कि यह समय अध्ययन और लक्ष्य निर्धारण का है। मुख्यमंत्री ने एक आदर्श विद्यार्थी के पांच गुणों का उल्लेख करते हुए कहा—

“काकचेष्टा बको ध्यानं श्वाननिद्रा तथैव च।

अल्पहारी गृहत्यागी विद्यार्थी पञ्चलक्षणम।”

उन्होंने विद्यार्थियों से एकाग्रता के साथ अध्ययन कर अपने माता-पिता के सपनों को साकार करने और देश-प्रदेश की सेवा में योगदान देने की अपील की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि उच्च शिक्षा में आर्थिक स्थिति कभी बाधा नहीं बननी चाहिए। छत्तीसगढ़ सरकार विद्यार्थियों के लिए छात्रावास, छात्रवृत्ति, प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि तथा उच्च शिक्षा हेतु ऋण सुविधा उपलब्ध करा रही है। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नालंदा परिसर का संचालन भी किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने रामकृष्ण मिशन के सेवा भावी कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अबूझमाड़ जैसे सुदूर और अंदरूनी क्षेत्रों में शिक्षा का प्रसार करना अत्यंत सराहनीय कार्य है। मिशन द्वारा शिक्षा के साथ-साथ कृषि एवं अन्य क्षेत्रों में भी जनसेवा की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में रामकृष्ण मिशन के सेवा कार्यों को 40 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं, जो एक बड़ी उपलब्धि है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि माओवाद प्रभावित होने के कारण पहले लोग इस क्षेत्र में आने से डरते थे, लेकिन अब माओवाद समाप्ति की ओर है और विकास कार्यों में तेजी आई है। ‘नियद नेल्लानार योजना’ के तहत अब तक 400 ग्रामों में विकास कार्य प्रारंभ हो चुके हैं। सड़क, बिजली, पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंच रही हैं। साथ ही लोगों के राशन कार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेज भी बन रहे हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच रखने, अच्छी पुस्तकें पढ़ने और अच्छे संगत में रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह समय अपने भविष्य को संवारने का है और प्रत्येक विद्यार्थी में आगे बढ़ने की क्षमता है।

इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप, लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Ishwar Naurange
Author: Ishwar Naurange

🗞️ दैनिक राजधानी से जनता तक — राजधानी की सत्ता, प्रशासन और नीति-निर्णयों की हर सच्चाई सीधे जनता तक पहुँचाने का संकल्प। जनहित, ज़मीनी मुद्दे, सामाजिक सरोकार और निष्पक्ष पत्रकारिता हमारी पहचान। ✍️ सच के साथ, जनता के पक्ष में।