जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा – जिले में तैनात सीआरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट रॉकी कसाना ने कठिन परिस्थितियों के बीच अपनी मेहनत और लगन से बड़ी सफलता हासिल की है। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में 542वीं रैंक प्राप्त कर चयन हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से सीआरपीएफ जवानों और अधिकारियों में खुशी का माहौल है।

रॉकी कसाना मूल रूप से गाजियाबाद के रहने वाले हैं और पिछले तीन वर्षों से सुकमा जिले के अत्यंत संवेदनशील जगरगुंडा इलाके में पदस्थ हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में लगातार गश्त और ऑपरेशन के बीच भी उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी और अंततः सफलता प्राप्त की।
बताया जा रहा है कि उन्होंने तीन बार यूपीएससी की परीक्षा दी, जिसमें एक बार वे इंटरव्यू तक पहुंचे थे लेकिन अंतिम चयन नहीं हो पाया था। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार प्रयास करते रहे। रॉकी कसाना नक्सली लीडर हिड़मा और देवा के खिलाफ चलाए गए कई महत्वपूर्ण ऑपरेशनों में भी शामिल रह चुके हैं। वर्तमान में वे कुन्देड़ स्थित सीआरपीएफ कैंप में पदस्थ हैं। उनकी सफलता की खबर मिलते ही सीआरपीएफ कैंप में जवानों और अधिकारियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। नक्सल प्रभावित क्षेत्र में ड्यूटी निभाते हुए यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा में सफलता हासिल करना युवाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




