जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा वन मंडल अंतर्गत गोलापल्ली क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध सागौन (Teak) तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। विभाग की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर वन संपदा की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोलापल्ली वनपरिक्षेत्र के अमले द्वारा रात्रि गश्त के दौरान तड़के सुबह करीब 3:00 से 3:30 बजे के बीच संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए कार्रवाई की गई। इस दौरान अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे लगभग 2.1 घनमीटर सागौन लट्ठा एवं चिरान को जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई जा रही है।
तस्करी में प्रयुक्त ट्रैक्टर भी जब्त
कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने तस्करी में उपयोग किए जा रहे एक ट्रैक्टर को भी अपने कब्जे में लिया है, जिससे गिरोह की सक्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
दो आरोपी चिन्हित, मामला दर्ज
इस प्रकरण में ममड़ीगुड़ा गांव के निवासी कुरसाम जोगा एवं मड़वी चंदा के खिलाफ वन अपराध प्रकरण (POR) दर्ज कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।
रेंजर एच. प्रसाद राव की टीम की अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई गोलापल्ली रेंजर एच. प्रसाद राव एवं उनके स्टाफ द्वारा सफलतापूर्वक अंजाम दी गई। टीम की मुस्तैदी से अवैध लकड़ी तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने में सफलता मिली है।
वन विभाग की सख्त चेतावनी
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सागौन की अवैध कटाई एवं परिवहन के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस प्रकार की अवैध गतिविधियों से दूर रहें और वन संरक्षण में सहयोग करें।
वन संपदा की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध विभाग
सुकमा वन विभाग क्षेत्र की जैव विविधता एवं प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रखी जाएगी।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




