विशेष शिविर में 122 लोगों का आधार पंजीयन
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा – जिला प्रशासन सुकमा द्वारा छत्तीसगढ़ शासन की पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन नीति के अंतर्गत आत्मसमर्पित माओवादियों के सामाजिक-आर्थिक पुनर्वास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। गुरुवार को नक्सल पुनर्वास केंद्र सुकमा में विशेष आधार पंजीयन शिविर का आयोजन किया गया।
कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य आत्मसमर्पित माओवादियों एवं उनके परिजनों को आधार पहचान उपलब्ध कराकर उन्हें शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा। शिविर में ई-डिस्ट्रिक्ट टीम द्वारा युद्धस्तर पर कार्य करते हुए आवश्यक शासकीय दस्तावेजों का निर्माण किया गया।
विशेष शिविर के दौरान कुल 122 हितग्राहियों का नवीन आधार पंजीयन सफलतापूर्वक किया गया, जिनमें से 79 लोगों के आधार कार्ड तत्काल जनरेट कर दिए गए हैं, जबकि शेष की प्रक्रिया प्रगति पर है। इसके साथ ही आधार कार्ड से संबंधित त्रुटि सुधार एवं अन्य शासकीय दस्तावेजों के अद्यतन का कार्य भी त्वरित रूप से किया जा रहा है, ताकि हितग्राहियों को आगे किसी प्रकार की प्रशासनिक असुविधा न हो।
ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर मो. शाहिद ने बताया कि आधार पंजीयन पूर्ण होने के उपरांत हितग्राही राशन कार्ड, आयुष्मान भारत योजना सहित अन्य प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) आधारित योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
जिला प्रशासन का यह प्रयास आत्मसमर्पित माओवादियों को सामाजिक मुख्यधारा से जोड़ने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा सम्मानजनक जीवन की ओर अग्रसर करने की दिशा में एक सराहनीय और प्रेरणादायी पहल है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




