जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा – छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी गौधाम योजना का शुभारंभ आज मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया। जिला पंचायत सुकमा में आयोजित गरिमामयी कार्यक्रम में जिला प्रशासन, पशुधन विकास विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गौपालक वर्चुअल रूप से शामिल हुए।
राज्य सरकार की इस महत्वपूर्ण पहल का उद्देश्य प्रदेश में बढ़ती बेसहारा मवेशियों की समस्या का समाधान करते हुए उन्हें सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना, उनके संरक्षण को बढ़ावा देना तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।
योजना के तहत सुकमा जिले में गोंगला को गौधाम के लिए चिन्हांकित किया गया है। यहां बेसहारा मवेशियों के लिए सुरक्षित आवास, चारा-पानी तथा देखभाल की समुचित व्यवस्था की जाएगी। इससे न केवल पशुओं को संरक्षण मिलेगा, बल्कि गौ-आधारित गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर भी सृजित होंगे।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अमित कुमार ने कहा कि गौधाम योजना से बेसहारा मवेशियों के संरक्षण के साथ-साथ किसानों को भी राहत मिलेगी। साथ ही गौ-आधारित उत्पादों को बढ़ावा देकर स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
इस अवसर पर जिला गौधाम समिति के अध्यक्ष श्री गुप्तेश्वर गंगबेर, पशुधन विकास विभाग के उपसंचालक डॉ. संदीप इंदुरकर, नगर पालिका सुकमा की उपाध्यक्ष श्रीमती भुवनेश्वरी यादव सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गौपालक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथियों को प्रतीकात्मक रूप से गौ-उत्पादित सामग्री भेंट कर सम्मानित किया गया।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




