सुकमा में पुनर्वासित युवाओं के लिए दो दिवसीय बौद्धिक शैक्षणिक भ्रमण शुरू

78 युवा रायपुर के शैक्षणिक दौरे पर रवाना, शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली से होंगे रूबरू

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

सुकमा‌ – पुनर्वासित युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उनके आत्मविश्वास को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सुकमा जिला प्रशासन ने एक सराहनीय पहल की है। कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में स्वामी विवेकानंद युवा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत “नियद नेल्लानार” कार्यक्रम के तहत युवाओं के लिए दो दिवसीय बौद्धिक एवं शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम शुरू किया गया है।
कार्यक्रम के तहत बुधवार को नोडल अधिकारियों की मौजूदगी में जिले के 78 पुनर्वासित युवाओं को रायपुर स्थित ठाकुर प्यारेलाल राज्य पंचायत एवं ग्रामीण विकास संस्थान, निमोरा के लिए रवाना किया गया। इस दौरान प्रतिभागी युवाओं को राजधानी रायपुर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा, जिससे उन्हें शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली, विकास और आधुनिक व्यवस्थाओं को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
प्रमुख स्थलों का करेंगे भ्रमण12 और 13 मार्च को आयोजित इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान युवाओं को मंत्रालय, विधानसभा, जंगल सफारी, आदिवासी संग्रहालय, विज्ञान केंद्र, स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डा, रेलवे स्टेशन, सिटी सेंटर मॉल और पुरखौती मुक्तांगन जैसे प्रमुख स्थलों का दौरा कराया जाएगा।
इस भ्रमण के माध्यम से प्रतिभागियों को शासन व्यवस्था, विज्ञान, संस्कृति और आधुनिक विकास के विभिन्न आयामों से परिचित कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री और मंत्रियों से भी करेंगे मुलाकात
कार्यक्रम के दौरान युवाओं की मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित अन्य मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात भी प्रस्तावित है। इससे युवाओं को शासन के शीर्ष नेतृत्व से संवाद करने और उनके अनुभवों से सीखने का अवसर मिलेगा।
युवाओं के भविष्य के लिए सकारात्मक पहल
जिला प्रशासन का मानना है कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण से पुनर्वासित युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा, नई सोच विकसित होगी और उन्हें अपने भविष्य के लिए बेहतर दिशा चुनने की प्रेरणा मिलेगी।
जिला प्रशासन की यह पहल पुनर्वासित युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जो उन्हें नए अवसरों से जोड़ने के साथ-साथ समाज के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में सहायक होगी।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है