जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। जिले में एक युवक की दर्दनाक मौत के बाद प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों और कांग्रेस नेताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। मामला किरकिपाल निवासी फूल कुमार बघेल की मौत से जुड़ा है, जिनकी कल नदी में डूबने से मौत हो गई थी।
मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए पहले छिंदगढ़ अस्पताल लाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल सुकमा रेफर किया गया। लेकिन आरोप है कि घटना के एक दिन बाद भी पोस्टमार्टम नहीं हो सका, जिससे परिजनों में भारी नाराजगी फैल गई।
इसी आक्रोश के चलते परिजन और कांग्रेस जिला अध्यक्ष हरीश कवासी के नेतृत्व में लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने शव को सड़क पर रखकर कलेक्टर कार्यालय और जिला अस्पताल के सामने चक्काजाम कर दिया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण मृतक के अंतिम संस्कार में देरी हो रही है, जिससे परिवार को मानसिक पीड़ा झेलनी पड़ रही है। उन्होंने जल्द से जल्द पोस्टमार्टम कर कार्रवाई की मांग की है।
मौके पर तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। प्रशासन ने जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।
यह घटना स्वास्थ्य व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है, वहीं पीड़ित परिवार न्याय और त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहा है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




