हाथी के हमले से महिला की मौत, एक घायल – ग्रामीणों ने वन विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

संदीप यादव, रामचंद्रपुर /रामानुजगंज/बलरामपुर।

बलरामपुर जिले के रामानुजगंज वनपरिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत चाकी में सोमवार तड़के एक दर्दनाक घटना में एक महिला की हाथी के हमले से मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार बलरामपुर जिला अस्पताल में चल रहा है। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने वन विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम चाकी के टोला भदईबथान निवासी राधिका भुइयां (36 वर्ष) तड़के करीब 3 बजे शौच के लिए घर से बाहर निकली थीं, तभी एक लोनर हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी ने राधिका को सूंड़ से उठाकर पटक दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद हाथी ने घर के बाहर सो रहे टिभाली सिंह (60 वर्ष) को भी घायल कर दिया। उन्हें उपचार के लिए बलरामपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलने के बाद मौके पर वन विभाग और पुलिस की टीम पहुंची। शव को कब्जे में लेकर रामानुजगंज स्थित सौ बिस्तर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इसके पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया गया। वन विभाग की ओर से मृतक परिजन को तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।

इस घटना से क्षेत्र में भारी आक्रोश है। परिजनों ने आरोप लगाया कि वन विभाग की लापरवाही से यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक 04 साधना संतोष यादव एवं स्थाई समिति के सभापति बद्री यादव मौके पर पहुंचे और परिजनों को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।

साधना यादव ने बताया कि विगत डेढ़ से दो महीनों में हाथियों के हमलों से दर्जनों लोगों की मौत हो चुकी है और 15-20 घरों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने वन विभाग से मांग की कि हाथी विचरण क्षेत्र में फेंसिंग की जाए तथा हाथी मित्र दल में स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण देकर नियुक्त किया जाए। साथ ही मृतक के परिजन को वन विभाग में अस्थायी नौकरी देने की मांग भी की गई है।

इस संबंध में रेंजर निखिल सक्सेना ने जानकारी दी कि यह एक लोनर हाथी था जो वाड्रफनगर से होकर चाकी क्षेत्र में आया था। हाथी के आगमन की सूचना पहले ही मुनादी के माध्यम से दी जा चुकी थी। फिलहाल मृतक के परिजनों को तत्काल सहायता राशि प्रदान की गई है और शेष सहायता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद दी जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बिना कारण जंगल की ओर न जाएं और वन विभाग द्वारा दी गई चेतावनियों का पालन करें।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
March 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
3031  

टॉप स्टोरीज