सूरजपुर न्यायालय में किया गया प्रस्तुत, पीड़ित मिशन अस्पताल में अब भी गंभीर हालत में भर्ती।

मोहन प्रताप सिंह
राजधानी से जनता तक, सूरजपुर/भटगांव:– धरमपुर ग्राम पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि संतोष मानिकपुरी पर हुए दिनदहाड़े जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 09 जुलाई 2025 की शाम लगभग 6 बजे, सोनगरा साप्ताहिक बाजार में आरोपी ने गड़ासा से संतोष मानिकपुरी पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया था। हमले में संतोष मानिकपुरी के सिर और कान पर गंभीर चोटें आई थीं। घटना के बाद घायल को मिशन अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।
पुलिस की त्वरित कार्यवाही
घटना की सूचना मिलते ही थाना भटगांव पुलिस ने अप. क्र. 97/2025 धारा 109 BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी संतोष गोंड पिता विफल गोंड, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम सोनगरा को दिनांक 10 जुलाई 2025 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से हमला करने में प्रयुक्त गड़ासा भी जप्त किया गया है।
न्यायिक प्रक्रिया
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आज सूरजपुर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले की गहन विवेचना पुलिस द्वारा की जा रही है ताकि हमले के पीछे की मंशा और किसी पूर्व रंजिश की पुष्टि की जा सके।
जनता में आक्रोश, सुरक्षा पर सवाल
इस हमले से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोगों ने पंचायत प्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। आम जनता प्रशासन से मांग कर रही है कि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हो इसके लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
