जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा – जिले में नक्सल गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सीआरपीएफ की 217 बटालियन के जवानों ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए जंगल में छिपाकर रखे गए नक्सली डंप को बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान आईईडी सहित विस्फोटक सामग्री भी जब्त की गई, जिसे बाद में सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया गया।

सीआरपीएफ छत्तीसगढ़ सेक्टर के पुलिस महानिरीक्षक श्री शालीन, पुलिस उप महानिरीक्षक (ऑपरेशन) श्री राजेश पांडे और 217 बटालियन के कमांडेंट श्री विजय शंकर के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। अभियान का नेतृत्व सहायक कमांडेंट रवि शर्मा ने किया।
जानकारी के अनुसार, सी/217 बटालियन और डी/241 बटालियन की संयुक्त टीम ने नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से 45 घंटे का जॉइंट कॉम्बिंग और सर्च ऑपरेशन चलाया। अभियान के दौरान विरम गांव से लगे जंगल क्षेत्र में सुरक्षा बलों को जमीन के नीचे छिपाकर रखी गई आईईडी का पता चला, जिसे बीडीडी (Bomb Detection & Disposal) टीम ने खोजकर बाहर निकाला।
इसके बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर गहन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान टीम को नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई कई विस्फोटक सामग्री बरामद हुई।
बरामद सामग्री में शामिल हैं:
जिलेटिन रॉड – 04
पीईके (PEK) – 01
डेटोनेटर – 01 नग
टिफिन बम – 02
बरामद सामग्री में से एक आईईडी और पीईके को बीडीडीएस टीम द्वारा मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया गया, जबकि अन्य सामग्री को आगे की कार्रवाई के लिए किस्ताराम थाना के सुपुर्द कर दिया गया।
अभियान के बाद सुरक्षा बलों की टीम बिना किसी अप्रिय घटना के सुरक्षित कैंप लौट आई। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि इस इलाके में नक्सली गतिविधियों और उनकी भविष्य की योजनाओं से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं। सुरक्षा एजेंसियां बरामद सामग्री की विस्तृत जांच कर रही हैं।
सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




