किसानों की ज़मीन पर राजस्व अधिकारियों का गेम प्लान, नक्शे में की गई छेड़छाड़ – राजेश नाग

जिला प्रमुख नवीन दांदडें 

सुकमा – जिले में किसानों की भूमि से जुड़े मामलों में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए बस्तरिया राज युवा मोर्चा ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। संगठन के जिलाध्यक्ष राजेश नाग ने कलेक्टर के नाम डिप्टी कलेक्टर खान सर को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले से अवगत कराया।

ज्ञापन में बताया गया कि खसरा क्रमांक 1283/9, जो बोमन्ना स्वर्णरेखा के नाम से राजस्व अभिलेखों में दर्ज है, उसका वर्ष 1984 का मूल नक्शा पूर्णतः सही था। लेकिन वर्ष 2000 के नक्शे में राजस्व अधिकारियों की मिलीभगत से छेड़छाड़ कर दूसरे पक्ष को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया। इससे किसानों की भूमि का रकबा कम कर दिया गया और उन्हें अतिक्रमण का आरोपी बताकर बेदखली नोटिस थमा दिया गया।

इस भूमि पर वर्षों से किसान वर्षा आधारित खेती करते आ रहे हैं। वर्तमान में किसानों द्वारा केला और मक्का की फसल लगाई गई है। अचानक हुए इस प्रशासनिक कदम से किसान परिवारों में गहरी चिंता और आक्रोश व्याप्त है।

राजेश नाग ने कहा कि सुकमा जिले में लगातार फर्जी रजिस्ट्री और नक्शों में हेरफेर के मामले सामने आ रहे हैं। जिला प्रशासन की नाक के नीचे किसानों, आदिवासियों और मूलनिवासियों की जमीन के साथ खुलेआम गोरखधंधा चल रहा है, जो अत्यंत गंभीर विषय है।

उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। यदि किसानों को शीघ्र न्याय नहीं मिला तो संगठन किसानों के साथ मिलकर सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है