’बस्तर की बौद्धिक राजधानी है कांकेर, जीवन में शिक्षा के जरिए ही सकारात्मक बदलाव संभव’

उत्तर बस्तर कांकेर, 06 मई 2026 /’’कांकेर जिला बस्तर की बौद्धिक राजधानी है, जहां साल-दर-साल शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार स्थापित हुए हैं। उत्तीर्ण विद्यार्थियों के मामले में कांकेर जिला राज्य में तीसरे स्थान पर है, वहीं प्रावीण्य सूची में चार बच्चों ने जगह बनाई। जीवन में नये और सकारात्मक बदलाव शिक्षा से ही संभव है, लेकिन यह सफलता का अंतिम पड़ाव नहीं है। इतिहास देखें तो पता चलता है कि अभाव और आगे बढ़ने की दृढ़ इच्छाशक्ति से ही वास्तविक कामयाबी मिली है।’’

उक्त बातें प्रदेश के वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण तथा योजना एवं सांख्यिकी मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने जिला पंचायत के सभाकक्ष में उपस्थित प्रतिभावान विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहीं। अवसर था- स्कूल शिक्षा विभाग ’कांकेर के गौरव’ कार्यक्रम अंतर्गत विद्यार्थियों एवं प्राचार्यांें के सम्मान समारोह का। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने अपने सफल जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में कुछ बड़ा करना हो तो सोच और लक्ष्य भी बड़ा होना चाहिए। हर सफल व्यक्ति अपने व्यक्तिगत अनुभवों और जीवन की कठिनाइयों से सीख लेकर आगे बढ़ता है और खुद को स्थापित करता है।

कमजोरियों पर विजय पाकर ही मिलती है सफलता
उन्होंने सभी मौजूद विद्यार्थियों को अपनी शुभकामनाएं देते हुए आगे बताया कि अपनी मां की प्रेरणा से आगे बढ़ने की राह मिली और सफलता का मुकाम हासिल किया। आज के प्रतियोगी वाले दौर में इनोवेशन और मोटिवेशन दोनों ही बहुत जरूरी है। इसके बिना लक्ष्य हासिल करना असंभव होता है और वास्तव में कामयाबी तभी मिलती है, जब व्यक्ति अपनी कमजोरियों पर विजय पा लेता है। मंत्री श्री चौधरी ने उपस्थित प्राचार्याें को भी नसीहत देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सृजनात्मक एवं आजीविकामूलक गतिविधियों के लिए भी प्रेरित और प्रोत्साहित करें।

इसके पहले, सांसद श्री भोजराज नाग और विधायक श्री आशा राम नेताम ने भी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कांकेर जिले के साथ-साथ प्रदेश और देश में भी अपना और जिले का नाम रौशन करने की बात कही तथा उन्हें सफल बनाने में अथक प्रयास करने वाले शिक्षकों को भी बधाई दी। कलेक्टर श्री निलेश कुमार महादेव क्षीरसागर ने जानकारी देते हुए बताया कि विगत वर्षों की तुलना में कांकेर जिला ने इस वर्ष बेहतर प्रदर्शन किया गया है तथा ’हमर लक्ष्य’ अभियान के तहत शिक्षकों के अथक परिश्रम से विद्यार्थियों को बेहतर अंक प्राप्त हुए।

जिला प्रशासन के तत्वावधान में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित ’कांकेर के गौरव – हाई एवं हायर सेकेण्डरी बोर्ड परीक्षा में राज्य तथा जिले की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं शत प्रतिशत उत्तीर्ण वाले विद्यालयों के सम्मान समारोह में आज वित्त मंत्री श्री चौधरी द्वारा सम्मानित किया गया। इनमें माध्यमिक शिक्षा मण्डल रायपुर द्वारा जारी प्रावीण्य सूची में स्थान बनाने वाले जिले के चार विद्यार्थी (कक्षा 12वीं की कु. महेश्वरी, कुमारी अपर्णा विश्वास और पीएमश्री उत्कृष्ट विद्यालय नरहरदेव के श्री यश खोब्रागढ़े और कक्षा 10वीं की कुमारी ईशा दुर्गाशी) को लैपटॉप, स्मार्ट वॉच, स्मृति चिन्ह तथा प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

एकलव्य आदर्श विद्यालय की कु. कृतिका टेकाम देशभर में प्रथम
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय कांकेर में कक्षा 10 वीं अध्ययनरत कु. कृतिका टेकाम ने देशभर के 750 एकलव्य आदर्श विद्यालयों में सीबीएसई पैटर्न में प्रथम स्थान पर रहीं। संस्था के प्राचार्य ने बताया कि कु. कृतिका एक मेधावी छात्रा है। उनके पिता का निधन हो चुका हो चुका है, जबकि माता आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने 97 प्रतिशत अंक के साथ पूरे देशभर में प्रथम स्थान पर रहीं। वित्त मंत्री ने उन्हें इस उपलब्धि के लिए अपनी शुभकामनाएं दी। कु. कृतिका को भी जिला प्रशासन की ओर से लैपटॉप, स्मार्ट वॉच, स्मृति चिन्ह तथा प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं की परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले क्रमशः 142 हाई स्कूल तथा 63 हायर सेकेण्डरी स्कूलों के संस्था प्रमुखों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एसपी श्री निखिल राखेचा, नगरपालिका अध्यक्ष कांकेर श्री अरूण कौशिक, जिला पंचायत के उपाध्यक्ष श्रीमती तारा ठाकुर, नागरिक श्री महेश जैन सहित जिला पंचायत के सीईओ श्री हरेश मंडावी, जिला शिक्षा अधिकारी श्री रमेश निषाद, डीएमसी श्री नवनीत पटेल सहित विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के प्रमुख और अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित थे।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

टॉप स्टोरीज