छुईखदान। थाना छुईखदान क्षेत्र के ग्राम ओटेबंद एवं पंडरिया में पुलिस टीम केसीजी द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत आमजन एवं जनप्रतिनिधियों को साइबर अपराध, यातायात सुरक्षा एवं पॉक्सो एक्ट से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में पुलिस टीम ने लोगों को साइबर फ्रॉड से बचाव, नए आपराधिक कानून, महिला एवं बच्चों की सुरक्षा तथा यातायात नियमों के पालन के संबंध में जागरूक किया। ग्रामीणों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें अथवा Cyber Crime Portal� पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
कार्यक्रम में आवारा मवेशियों के कारण हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भी लोगों को जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने नागरिकों से मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की, ताकि दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाया जा सके।
इसके अलावा कार्यक्रम में पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बच्चों एवं महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।




