सुशासन तिहार 2026मोटरसाइकिल पर सवार होकर दुर्गम पहाड़ियों तक पहुँचा प्रशासन

गोंडेरास-नीलावाया में ‘कलेक्टर-एसपी’ की चौपाल, मौके पर हुए कई बड़े फैसले

 

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

 

सुकमा। सुशासन तिहार 2026 के तहत सुकमा जिला प्रशासन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अब शासन केवल दफ्तरों तक सीमित नहीं, बल्कि अंतिम छोर पर बसे ग्रामीणों तक पहुंच रहा है। बुधवार को कलेक्टर श्री अमित कुमार और पुलिस अधीक्षक श्री किरण चव्हाण ने मोटरसाइकिल से करीब 30 किलोमीटर के दुर्गम पहाड़ी और उबड़-खाबड़ रास्तों को पार कर सुकमा विकासखंड के पहुंचविहीन गांव गोंडेरास और नीलावाया पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।

दूरस्थ गांवों में प्रशासनिक अमले की यह मौजूदगी ग्रामीणों के लिए किसी ऐतिहासिक पल से कम नहीं रही। गोंडेरास गांव में इमली के पेड़ के नीचे खाट पर बैठकर कलेक्टर और एसपी ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान किया।

ग्रामीणों द्वारा सौर प्लेट खराब होने की शिकायत सामने आते ही कलेक्टर श्री अमित कुमार ने क्रेड़ा विभाग को तत्काल सभी घरों की सौर प्लेट मरम्मत कराने के निर्देश दिए। वहीं गांव में पहले से स्वीकृत आंगनबाड़ी भवन, पंचायत भवन सहित लगभग 60 से 70 लाख रुपये के विकास कार्यों की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने कहा कि निर्माण कार्य पंचायत के माध्यम से तेजी से कराए जाएंगे।

सुशासन चौपाल के दौरान पीएम आवास योजना, महतारी वंदन योजना, आधार कार्ड, बैंक खाता, जन्म प्रमाण पत्र और तेंदूपत्ता खरीदी जैसी योजनाओं की जमीनी समीक्षा भी की गई। शिविर में ग्रामीणों को तुरंत लाभ पहुंचाते हुए 17 केसीसी कार्ड, पीएम किसान के 11 प्रकरण, 12 जाति प्रमाण पत्र, 2 किसान किताब और 2 पटवारी प्रतिवेदन मौके पर ही वितरित किए गए।

गांव के सरपंच श्री जोगा वंजामी ने कहा कि उनके गांव में पहली बार कोई कलेक्टर पहुंचा है, जिससे ग्रामीणों में उत्साह और भरोसा दोनों बढ़ा है।

गोंडेरास के बाद प्रशासनिक टीम मोटरसाइकिल से नीलावाया पहुंची, जहां जमीन पर बैठकर ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाई गई। ग्रामीणों ने बारिश के दिनों में छोटे नाले के कारण 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करने की समस्या बताई, जिस पर कलेक्टर ने तत्काल पुलिया निर्माण स्वीकृत करने के निर्देश दिए।

नीलावाया में सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने सुरक्षित प्रसव के लिए अस्पताल में इलाज सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। वहीं 4 मोतियाबिंद मरीजों को जिला अस्पताल भेजने की व्यवस्था भी तत्काल कराई गई। शिविर में 22 जन्म प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा 2 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म भी संपन्न कराई गई।

कलेक्टर श्री अमित कुमार ने कहा कि शासन की प्राथमिकता विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि गोंडेरास और नीलावाया में लगभग 70 लाख रुपये के निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं और “नियद नेल्लानार” अभियान के तहत हर घर तक बिजली, पानी, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

सुशासन तिहार के अंतर्गत जिला प्रशासन 31 व्यक्तिमूलक योजनाओं के सेच्युरेशन, 14 सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार और 10 वांछनीय योजनाओं के अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। दुर्गम पहाड़ियों और जंगलों के बीच बसे गांवों तक प्रशासन की यह पहुंच अब ग्रामीणों में भरोसे और विकास की नई उम्मीद जगा रही है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
May 2026
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

टॉप स्टोरीज