रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ की पहली वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भारतीय सेना के अदम्य साहस को नमन करते हुए इसे नए भारत की शक्ति, संकल्प और सैन्य क्षमता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि एक वर्ष पूर्व भारतीय सेना ने अपने शौर्य और रणनीतिक कौशल से पूरी दुनिया को यह संदेश दिया था कि भारत की सुरक्षा और संप्रभुता को चुनौती देने वालों को अब मुंहतोड़ जवाब मिलेगा।
किरण देव ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ केवल एक सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति का सशक्त उदाहरण है। प्रधानमंत्री मोदी की दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति और सेना को मिली खुली छूट के कारण यह अभियान सफल हुआ। भारतीय सैनिकों ने कठिन परिस्थितियों में जिस साहस और सूझबूझ के साथ मिशन को अंजाम दिया, वह देश के सैन्य इतिहास का गौरवपूर्ण अध्याय बन चुका है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान ने देश के 140 करोड़ नागरिकों के भीतर सुरक्षा और आत्मविश्वास की नई भावना पैदा की है। भारत अब रक्षा क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है और वैश्विक मंच पर निर्णायक शक्ति के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है। ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ ने यह साबित कर दिया है कि नया भारत अब केवल प्रतिक्रिया देने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर दुश्मन के घर में घुसकर जवाब देने की क्षमता भी रखता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ की पहली वर्षगांठ देश के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। यह दिन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के संकल्प को और मजबूत करने का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकास और सुरक्षा के नए युग की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




