नगर निगम आयुक्त विश्वदीप को भावभीनी विदाई, बीजापुर कलेक्टर के रूप में संभालेंगे नई जिम्मेदारी

रायपुर। रायपुर नगर निगम आयुक्त विश्वदीप को गुरुवार को रेडक्रॉस सभाकक्ष में भावभीनी विदाई दी गई। उन्हें अब बीजापुर जिले के कलेक्टर के रूप में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल को जनहित और संवेदनशील प्रशासन का उदाहरण बताया।

इस अवसर पर रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि एक प्रशासनिक अधिकारी का सबसे बड़ा दायित्व जनता के प्रति संवेदनशील रहना होता है। उन्होंने कहा कि बीजापुर जैसे जिले, जिसे अब नक्सलमुक्त घोषित किया जा चुका है, वहां विकास और नवाचार की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि विश्वदीप अपने कार्यों से जिले को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएंगे।

कलेक्टर डॉ. सिंह ने कहा कि प्रशासनिक दायित्वों में परिस्थिति के अनुरूप निर्णय लेने की क्षमता अत्यंत आवश्यक होती है। कई बार सौम्यता की जरूरत होती है तो कई बार कठोर निर्णय लेने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 28 माह 3 दिन तक साथ कार्य करने के दौरान विश्वदीप की कार्यशैली सदैव जनहित और तत्परता से परिपूर्ण रही।

उन्होंने विशेष रूप से गुढियारी आगजनी की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि उस कठिन समय में विश्वदीप ने अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर ऑयल से भरे टैंकर के ढक्कन हटाने का साहसिक कार्य किया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। डॉ. सिंह ने कहा कि जनता लंबे समय तक उनके इस योगदान को याद रखेगी।

अपने संबोधन में विश्वदीप ने कहा कि रायपुर में कार्य करने का अनुभव उनके प्रशासनिक जीवन की महत्वपूर्ण सीखों में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत सीईओ और नगर निगम आयुक्त के रूप में कार्य करते हुए उन्हें अनेक चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का अवसर मिला। लोकसभा चुनाव, विधानसभा उपचुनाव, नगरीय निकाय चुनाव और एसआईआर जैसे महत्वपूर्ण कार्य पूरी टीम के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुए।

उन्होंने कहा कि बड़े आयोजनों और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बिना दबाव के कार्य करना उन्होंने रायपुर में सीखा। साथ ही उन्होंने कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और जिले की पूरी टीम के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है

यह भी पढ़ें

[democracy id="1"]
June 2026
M T W T F S S
1234567
891011121314
15161718192021
22232425262728
2930  

टॉप स्टोरीज