लघु वनोपज संघ अध्यक्ष रूपसाय सलाम ने सराहा सुकमा का तेंदूपत्ता प्रबंधन

गुणवत्ता, भंडारण और परिवहन व्यवस्था देख हुए प्रभावित, आधुनिक गोदाम निर्माण के दिए निर्देश

जिला प्रमुख नवीन दांदडें

सुकमा। छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम ने बुधवार को सुकमा जिले का दौरा कर तेंदूपत्ता संग्रहण, भंडारण और परिवहन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिले में किए जा रहे व्यवस्थित कार्यों को देखकर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों की जमकर सराहना की तथा इसे प्रशासन और संघ के बेहतर समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
तोंगपाल वनोपज जांच नाका पहुंचने पर अध्यक्ष श्री सलाम का आत्मीय स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने संघ गोदाम तोंगपाल का निरीक्षण कर वर्ष 2026 तेंदूपत्ता सीजन के तहत चल रहे लाट स्टेकिंग कार्य और तेंदूपत्ता बोरों की गणना कर गुणवत्ता की जांच की। निरीक्षण के दौरान गड्डियां सही पाए जाने पर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की प्रशंसा करते हुए गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
सुकमा आगमन पर उप वन मंडलाधिकारी अशोक भट्ट ने जिला यूनियन की गतिविधियों एवं तेंदूपत्ता संग्रहण, भंडारण और परिवहन संबंधी कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इसके पश्चात अध्यक्ष श्री सलाम ने संघ गोदाम सुकमा का निरीक्षण कर गोदामीकरण कार्य और तेंदूपत्ता पत्तों की गुणवत्ता का अवलोकन किया।
दौरानापाल सब डिवीजन अंतर्गत बुर्कापाल फड़ में चल रहे बोरा भर्ती कार्य का निरीक्षण करते हुए उन्होंने तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों से संवाद किया और शासन की बीमा एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संग्राहकों को उच्च गुणवत्ता वाले तेंदूपत्ता संग्रहण और बैंक खातों के माध्यम से पारदर्शी भुगतान व्यवस्था अपनाने के प्रति भी जागरूक किया।
प्रवास के दौरान अध्यक्ष श्री सलाम चिंतलनार स्थित अस्थायी गोदाम पहुंचे, जहां उन्होंने जगरगुंडा समिति से आए तेंदूपत्ता बोरों की जानकारी ली तथा जगदलपुर मुख्य गोदाम के लिए भेजी जा रही परिवहन व्यवस्था का निरीक्षण किया। भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने 25 से 30 हजार वास्तविक बोरों की क्षमता वाले आधुनिक गोदाम निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
जिला यूनियन सुकमा द्वारा किए जा रहे वैज्ञानिक उपचार, गुणवत्तापूर्ण खरीदी और व्यवस्थित भंडारण कार्यों की सराहना करते हुए अध्यक्ष श्री सलाम ने कहा कि सुकमा जिला तेंदूपत्ता प्रबंधन के क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रहा है, जो अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन सकता है।

Rajdhani Se Janta Tak
Author: Rajdhani Se Janta Tak

राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है