घर-घर पहुंच रहा निर्वाचन दल, हर पात्र नागरिक को मिलेगा एपिक कार्ड – कलेक्टर अमित कुमार
मतदाता पंजीयन और एपिक वितरण अभियान ने पकड़ी रफ्तार
बीएलओ और सुपरवाइजरों को समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश
जिला प्रमुख नवीन दांदडें
सुकमा। जिले में लोकतंत्र को और अधिक मजबूत एवं समावेशी बनाने के लिए सुकमा प्रशासन ने “बस्तर मुन्ने–नियद नेल्लानार 2.0” अभियान को तेज गति से आगे बढ़ाना शुरू कर दिया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा घर-घर पहुंचकर प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची से जोड़ने और समय पर एपिक कार्ड उपलब्ध कराने की दिशा में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।इसी कड़ी में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में निर्वाचन विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें बीएलओ और सुपरवाइजरों को मतदाता सूची के शत-प्रतिशत अद्यतन और मतदाता पहचान पत्र वितरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए।
घर-घर जाकर होगा पंजीयन और सुधार कार्य
बैठक में कलेक्टर अमित कुमार ने निर्देश दिए कि जिन नागरिकों के पास अब तक एपिक कार्ड उपलब्ध नहीं हैं या जिनकी जानकारी अधूरी है, उनका प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। बीएलओ और सुपरवाइजरों को गांव-गांव एवं घर-घर संपर्क अभियान चलाकर नए मतदाताओं का पंजीयन कराने, फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 भरवाने, फोटो अपडेटेशन तथा त्रुटि सुधार की प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूरी करने को कहा गया।प्रशासन की इस पहल से दूरस्थ और अंदरूनी क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। अभियान के माध्यम से मतदाताओं में जागरूकता बढ़ रही है और मतदान प्रक्रिया में उनकी भागीदारी भी मजबूत हो रही है।
ग्रामवार लक्ष्य तय, विशेष मॉनिटरिंग शुरू
जिला प्रशासन ने इस अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए विकासखंडवार और ग्रामवार लक्ष्य निर्धारित किए हैं। बैठक में यह भी बताया गया कि जिन मतदाताओं के फोटो अब तक सूची में अपलोड नहीं हुए हैं, उनका फोटो संग्रहण कर त्वरित अपडेट किया जाएगा।प्रशासन का मानना है कि यह पहल निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा में भी अहम भूमिका निभाएगी।
“हर पात्र नागरिक तक पहुंचे लोकतंत्र का अधिकार”
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार ने कहा कि शासन की योजनाओं और लोकतांत्रिक अधिकारों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी संकल्प के साथ सुकमा प्रशासन लगातार यह सुनिश्चित कर रहा है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और उसे समय पर मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध कराया जाए। बैठक में डिप्टी कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी शबाब खान, प्रोग्रामर सौरभ उप्पल, बीएलओ, सुपरवाइजर एवं निर्वाचन शाखा के कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है




