बस्तरिया राज युवा मोर्चा और छात्र मोर्चा ने किया विरोध प्रदर्शन, इस्तीफे की मांग तेज
नवीन कुमार
सुकमा। NEET परीक्षा से जुड़े कथित पेपर लीक मामले को लेकर जिले में विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। बस्तरिया राज युवा मोर्चा एवं छात्र मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने केन्द्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन कर परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और जवाबदेही तय करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि परीक्षा से जुड़े विवादों ने देशभर के लाखों छात्र-छात्राओं और उनके परिवारों को प्रभावित किया है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने की जिम्मेदारी केंद्र सरकार और संबंधित विभागों की है।
मोर्चा के प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर उत्पन्न परिस्थितियों पर गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने केन्द्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग उठाई।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने परीक्षा प्रणाली में सुधार, निष्पक्ष जांच और छात्रों के हितों की सुरक्षा को लेकर भी आवाज बुलंद की। प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। स्थानीय स्तर पर यह प्रदर्शन छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर बढ़ती राजनीतिक और सामाजिक सक्रियता के रूप में देखा जा रहा है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है






