अम्बिकापुर 06 जुलाई 2026 / मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशन में सुशासन तिहार के अंतर्गत 01 मई से 10 जून 2026 तक राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (टीबी) के तहत जिलेभर में विशेष स्वास्थ्य शिविरों का सफल आयोजन किया गया। अभियान के माध्यम से टीबी की शीघ्र पहचान, समय पर उपचार तथा जनजागरूकता गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित किया गया। जिला प्रशासन द्वारा जिला क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित 42 विशेष स्वास्थ्य शिविरों में 5,890 व्यक्तियों की डिजिटल एक्स-रे जांच की गई, जिनमें 30 मरीजों में टीबी की पुष्टि हुई। वहीं 538 बलगम (स्पुटम) जांच में 23 मरीज टीबी पॉजिटिव पाए गए। इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 53 नए टीबी मरीजों की पहचान कर उनका अविलंब उपचार प्रारंभ कराया गया। इस अभियान के दौरान जांच, उपचार एवं फॉलोअप की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की गई, जिससे संभावित मरीजों की समय पर पहचान कर उन्हें उपचार से जोड़ा जा सका। साथ ही निक्क्षय पोषण योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया। जिले की 40 ग्राम पंचायतों के सचिवों ने निक्क्षय मित्र बनकर वर्तमान में उपचाररत 38 टीबी मरीजों को फूड बास्केट प्रदान किए, जिससे मरीजों को उपचार अवधि में आवश्यक पोषण सहायता उपलब्ध हो सकी।
टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से टीबी मुक्त घोषित ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंच एवं सचिवों को जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में महात्मा गांधी जी की प्रतिमा एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस पहल से अन्य ग्राम पंचायतों को भी टीबी उन्मूलन अभियान से सक्रिय रूप से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि दो सप्ताह से अधिक समय तक लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना अथवा टीबी के अन्य लक्षण दिखाई देने पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में निःशुल्क जांच अवश्य कराएं। समय पर जांच और नियमित उपचार से टीबी पूर्णतः ठीक हो सकती है तथा जनसहभागिता से टीबी मुक्त सरगुजा एवं टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।
Author: Rajdhani Se Janta Tak
राजधानी से जनता तक न्यूज वेबसाइट के आलावा दैनिक अखबार, यूटयूब चैनल के माध्यम से भी लोगो तक तमाम छोटी बड़ी खबरो निष्पक्ष रूप से सेवा पहुंचाती है






